कहते हैं कि ऊपरवाले की मर्जी के बिना एक पत्ता तक नहीं हिलता है. इसलिए आप जिंदगी को लेकर चाहें जो प्लानिंग कर लें. होता वही है, जो खुदा को मंजूर होता है. 1992 में फेमिना मिस इंडिया का ताज जीतने वाली मधु सप्रे की कहानी भी ऐसी ही है. मधु ने जिंदगी को लेकर बहुत प्लानिंग की थी, लेकिन उनकी प्लानिंग के मुताबिक कुछ नहीं हुआ.
मिलिंद सोमन संग एक विवादित फोटोशूट ने उनकी जिंदगी बदल थी. कुछ साल इंडस्ट्री में नाम कमाने के बाद वो अचानक गायब हो गईं. जानते हैं कि शोबिज की मशहूर मॉडल रहीं मधु सप्रे अब कहां हैं.
जिंदगी ने ली करवट
मिस इंडिया बनने के बाद मधु सप्रे हिंदुस्तान की सबसे बड़ी और लोकप्रिय सुपरमॉडल्स में शुमार हो गई थीं. बड़े-बड़े ब्रांड उनके साथ काम करना चाहते थे. उनके पास फिल्मों के भी ऑफर आने लगे थे. 1995 में एक प्रिंट विज्ञापन ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी. इस विज्ञापन में उनके साथ मिलिंद सोमन भी थे. मधु और मिलिंद ने टफ शूज के लिए ब्लैक एंड व्हाइट फोटोशूट पूरा किया. फोटोशूट में दोनों न्यूड थे और उनके ऊपर अजगर लिपटा हुआ था.
मिलिंद और मधु के विज्ञापन पर अश्लीलता और वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन के आरोप लगे. विवाद बढ़ने पर मामला अदालत जा पहुंचा. 14 सालों तक कानूनी लड़ाई चली, जिसके बाद दोनों को बरी कर दिया गया. विवाद पर मधु ने कहा था कि उनका इरादा किसी को आहत करना नहीं था. अगर उन्हें विवाद का अंदाजा होता, तो ये शूट नहीं करतीं.
विवाद के बाद फिल्म इंडस्ट्री ने भी मधु से दूरी बना ली. उन्होंने अमोल पालेकर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म साइन की थी, जो विवाद के चलते कभी नहीं बन पाई. फोटोशूट के विवाद की वजह से ना सिर्फ मधु, बल्कि उनके परिवार को भी प्रताड़ना सहनी पड़ी. उनकी सदमे में चली गई थीं.
मिलिंद संग टूटा रिश्ता
उस वक्त मधु सप्रे और मिलिंद सोमन पॉपुलर सेलिब्रिटी कपल माने जाते थे. मिलिंद सोमन, मधु से शादी के बारे में सोच रहे थे. लेकिन दोनों की सोच नहीं मिल पा रही थी. इसलिए 1990 के अंत में दोनों का ब्रेकअप हो गया.
मिलिंद सोमन से ब्रेकअप के बाद मधु की मुलाकात इटेलियन बिजनेसमैन जियान मारिया एमेंडेटोरी से हुई. दोनों ने 2001 में शादी की और इटली में घर बसा लिया. शादी के 9 साल बाद मधु ने काम से दूरी बनाई, क्योंकि वो मां बनना चाहती थीं. कई सालों की कोशिश के बाद साल 2012 में बेटी इंदिरा का जन्म हुआ.
इधर मधु के पिता का निधन हो गया था. पिता के जाने के बाद मधु ने तलाक और फिर भाई की मौत का गम झेला. जिंदगी बार-बार उन्हें पटकती रही, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. मधु ने कहा कि जिंदगी ने मुझे जितने बार भी पटका है, मैंने खड़े होकर हिम्मत दिखाई. तलाक के बाद मधु और उनके एक्स हसबैंड बेटी की को-पेरेंटिंग कर रहे हैं. मधु का कहना है कि वो नहीं चाहतीं कि उनकी बेटी को मां या बाप में से किसी एक को चुनना पड़ा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क