डायरेक्टर कुणाल कोहली की फिल्म 'हम तुम' ने हाल ही में 22 साल पूरे किए हैं. इस मौके पर फिल्ममेकर ने पिक्चर को लेकर दिलचस्प खुलासा किया. 'हम तुम' में ऑडियंस को सैफ अली खान और रानी मुखर्जी की बढ़िया केमिस्ट्री खूब पसंद आई थी. हालांकि सेट पर हाल बिल्कुल अलग था.
2004 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'हम तुम' आज भी अपने समय की सबसे बढ़िया फिल्मों में से एक है. लेकिन कुणाल ने बताया कि रानी मुखर्जी और सैफ अली खान में सेट पर 'जीरो कॉमरेडरी' थी और ऑफ-कैमरा वे एक-दूसरे के खास पसंदीदा नहीं थे. कुणाल कोहली ने कहा, 'सैफ अली खान और रानी मुखर्जी एक-दूसरे को पसंद नहीं करते थे.'
एक न्यूज पोर्टल से बात करते हुए कुणाल कोहली ने याद किया कि शूटिंग के शुरुआती हिस्से में माहौल बंटा हुआ था. रानी और वह एक तरफ, जबकि सैफ ज्यादातर अकेले. उन्होंने कहा, 'वे ऑफ-स्क्रीन एक-दूसरे के खास पसंद नहीं थे. शूटिंग के पहले आधे हिस्से में ऐसा लगता था जैसे टीम रानी और मैं, और सैफ अकेला. सैफ और मैं एक-दूसरे को पसंद नहीं थे और सैफ और रानी भी एक-दूसरे को पसंद नहीं करते थे.'
डायरेक्टर ने आगे बताया कि एम्स्टर्डम शेड्यूल के दौरान चीजें बदलनी शुरू हुईं. उन्होंने सैफ से फिल्म की उनके करियर में अहमियत को लेकर गंभीर बातचीत की. कुणाल ने कहा, 'फिर एम्स्टर्डम शेड्यूल के दौरान सैफ और मैं लगातार बात करते रहे. मैंने उनसे कहा, 'सुनो, यह फिल्म बहुत महत्वपूर्ण है. अगर यह कामयाब नहीं हुई तो तुम सोलो हीरो नहीं बन पाओगे. तुम सिर्फ शाहरुख खान के साथ सेकंड लीड करते रह जाओगे, जैसे कल हो ना हो में. तो चलो इसे कामयाब बनाते हैं.''
कुणाल के अनुसार, उस बातचीत से सेट पर माहौल सुधरने लगा और पूरी टीम अंत में बेहतर तरीके से साथ काम करने लगी.
कुणाल कोहली ने किसिंग सीन किया याद
कुणाल कोहली ने गाने 'सांसों को सांसों' में किसिंग सीन के बारे में भी बताया. उन्होंने खुलासा किया कि रानी मुखर्जी शुरू में ये सीन करने को लेकर हिचकिचा रही थीं और बाद में सिर्फ एक टेक देने को राजी हुईं. उन्होंने कहा, 'हम पूरी रात शूटिंग कर रहे थे. पहले उन्होंने कहा कि वे किस नहीं करेंगी. आखिरकार उन्होंने कहा, 'ठीक है, मैं एक टेक कर लूंगी.' अगर आप वो टेक देखें तो वो हंस रही हैं. वो करवट लेकर लेटी हैं और हंसने की वजह से हिल रही हैं.'
फिल्मकार ने बताया कि उन्हें यह हंसी एडिटिंग के दौरान ही नजर आई. उन्होंने कहा, 'जब मैंने एडिट में देखा तो लगा, अरे वो तो हंस रही हैं. तो हां, यह हिंदी सिनेमा की सबसे खराब किस में से एक है.'
आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनी फिल्म 'हम तुम' ने सैफ अली खान और रानी मुखर्जी के करियर को पलटकर रख दिया था. फिल्म में ऋषि कपूर, किरण खेर, रति अग्निहोत्री और जिमी शेरगिल भी अहम रोल्स में थे. ये अमेरिकन रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'व्हेन हैरी मेट सैली' (When Harry Met Sally) से प्रेरित थी. पिक्चर में अपने काम के लिए सैफ अली खान को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क