भगवान श्रीकृष्ण की कहानी लेकर आई फिल्म कृष्णावतारम लगातार जनता को थिएटर्स तक खींच रही है. कम स्क्रीन्स पर आई इस लिमिटेड रिलीज फिल्म ने पहले हफ्ते में ही दिखा दिया था कि इसमें जनता को थिएटर्स तक खींचने का भरपूर दम है. पॉजिटिव रिव्यूज और जनता से मिले दमदार वर्ड ऑफ माउथ ने पहले हफ्ते में ही कृष्णावतारम को जनता तक पहुंचाया था. अब दूसरे वीकेंड में कृष्णावतारम ने ऐसा कमाल किया है, जो बहुत कम फिल्में कर पाती हैं. दूसरे वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन लगभग उतना ही हुआ है, जितना पहले वीकेंड में था.
दूसरे वीकेंड में भी दमदार कृष्णावतारम
7 मई, गुरुवार को कृष्णावतारम 500 शोज के साथ रिलीज हुई थी. शुक्रवार से इसके शोज बढ़कर 1500 के करीब पहुंचे और पहले वीकेंड में इसे अधिकतम 2000 शोज मिले. लिमिटेड रिलीज के साथ आई कृष्णावतारम ने पहले शुक्रवार को 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. इसका फर्स्ट वीकेंड कलेक्शन 7.37 करोड़ रुपये तक पहुंचा था और पहला बॉक्स ऑफिस हफ्ता 13.5 करोड़ रुपये पर खत्म हुआ था.
नए शुक्रवार को बॉलीवुड से नई फिल्में आईं. आयुष्मान खुराना की 'पति पत्नी और वो दो' और संजय दत्त की 'आखिरी सवाल' जैसी फिल्मों के आने से कृष्णावतारम के शोज घटकर फिर 1600 के करीब पहुंच गए. लेकिन 1.20 करोड़ रुपये के साथ ये बॉक्स ऑफिस पर दमदार बनी रही. शनिवार को जनता ने श्रीकृष्ण कथा में फिर से दिलचस्पी दिखानी शुरू की. कृष्णावतारम ने लगभग शुक्रवार से डबल कलेक्शन किया और 2.30 करोड़ रुपये लेकर आई.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि संडे को तगड़े जंप के साथ फिल्म ने 3.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. यानी अपने दूसरे वीकेंड में कृष्णावतारम ने 6.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो लगभग फर्स्ट वीकेंड के बराबर है. कैलकुलेशन के हिसाब से देखें तो पहले वीकेंड के मुकाबले दूसरे वीकेंड में कृष्णावतारम का कलेक्शन पूरे 10% भी कम नहीं हुआ है.
अभी नहीं रुकेगा कृष्णावतारम का विजय रथ
शुक्रवार को आयुष्मान खुराना की 'पति पत्नी और वो दो' बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी फिल्म थी, जिसके दिन भर में लगभग 7000 शोज थे. लेकिन नेगेटिव रिव्यूज और वर्ड ऑफ माउथ की कमी की वजह से इसे ऑडियंस नहीं मिल रही. शुक्रवार से शनिवार-रविवार तक इसके शोज कम हुए. उम्मीद है कि सोमवार को इसके शोज थोड़े और कम होंगे. ऐसे में कृष्णावतारम को थिएटर्स कुछ और शोज भी दे सकते हैं क्योंकि इस फिल्म को दर्शक मिल रहे हैं.
अभी तक 11 दिनों में कृष्णावतारम ने 20 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन कर लिया है. लिमिटेड शोज में चल रही ये फिल्म लगातार अपने हिस्से की ऑडियंस बटोर रही है और उम्मीद है कि कम से कम एक हफ्ते तक थिएटर्स इसके शोज नहीं घटाएंगे. अब देखना है कि लगातार ऑडियंस को इंप्रेस कर रही कृष्णावतारम कितना आगे जाती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क