दुनिया के सबसे बड़े फैशन इवेंट की अगर बात होती है, तो उसमें मेट गाला का नाम काफी ऊपर माना जाता है. हॉलीवुड और बॉलीवुड के कई बड़े सितारे अनोखे डिजाइनर के कपड़े पहनकर, रेड कार्पेट पर चलते हैं. इसका हिस्सा हर कोई बनना चाहता है. पिछले साल बॉलीवुड से दिलजीत दोसांझ और शाहरुख खान ने अपना मेट गाला डेब्यू किया था. इस बार फिल्ममेकर करण जौहर की बारी है.
करण जौहर को लेकर पिछले काफी दिनों से अफवाहें थीं कि वो मेट गाला इवेंट में जाएंगे, लेकिन कुछ भी पक्का नहीं माना जा रहा था. हालांकि अब करण के खास दोस्त और सेलेब्रिटी फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने खुद सामने से इस न्यूज को कंफर्म किया है.
मेट गाला पर क्या होगा करण का लुक?
मनीष मल्होत्रा ने एक अमेरिकन न्यूज चैनल पर आकर बताया कि करण इस साल अपना मेट गाला डेब्यू करने वाले हैं. उन्होंने फिल्ममेकर के लिए एक खास तरह का आउटफिट डिजाइन किया है, जो कई लोगों के लिए एक बहुत बड़ा सरप्राइज होने वाला है. मनीष का कहना है कि इवेंट वाले दिन सभी लोग करण को देखकर हैरान होने वाले हैं.
मनीष ने कहा- इस बार मैं एक बहुत बड़े डायरेक्टर के लिए कपड़े डिजाइन करने वाला हूं, जो अपनी फिल्में और फैशन के लिए जाने जाते हैं- करण जौहर. मैंने काफी कुछ नया करने की सोची है, पिछली बार हमने रिहाना के लिए कपड़े डिजाइन किए थे. इस बार रेड कार्पेट पर काफी कुछ अलग दिखेगा, लेकिन उसके लिए आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा.
माना जा रहा है कि करण जौहर के साथ आदर पूनावाला की पत्नी नताशा पूनावाला भी रेड कार्पेट पर दिखेंगी. नताशा कई बार मेट गाला के रेड कार्पेट पर आ चुकी हैं. हालांकि इस बार इंडियन्स की नजरें करण जौहर पर होंगी, जो पहली बार ऐसे किसी बड़े फैशन इवेंट में पहुंचेंगे. करण वैसे भी अपने अनोखे फैशन सेंस के लिए जाने जाते हैं, देखना दिलचस्प होगा कि मेट गाला पर क्या वो अपना जलवा बिखेर पाएंगे या नहीं. मेट गाला 2026 का इवेंट 4 मई को न्यू यॉर्क के मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में होना है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क