भारत का सबसे पवित्र और पुरानी महाकाव्य रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति का हिस्सा है. भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान और रावण की इस गाथा ने भारतीय सिनेमा को शुरुआत से ही गहराई से प्रभावित किया है.
सिनेमा के जन्म से लेकर आज तक, रामायण पर फिल्में और टीवी सीरियल्स बनते रहे हैं और ये सिलसिला आज भी जारी है. हाल ही में रणबीर कपूर स्टारर रामायण की टीजर जारी हुआ जिसे देख फैंस के बीच इस महाकाव्य का कभी ना खत्म होने वाला क्रेज दिखा. लेकिन क्या आप जानते हैं, इस पांच हजार साल पुरानी गाथा पर पहली फिल्म कब बनी थी. और अब तक भारत में इस पर कितनी फिल्में-शोज बने हैं?
पहली ‘रामायण’ फिल्म कब बनी थी?
रामायण पर बनी पहली फिल्म थी ‘लंका दहन’, जो साल 1917 में रिलीज हुई थी. इसे भारतीय सिनेमा के पितामह दादासाहेब फाल्के ने बनाया था. यह एक साइलेंट फिल्म थी, यानी इसमें आवाज नहीं थी लेकिन फिर भी इसने इतिहास रच दिया.
1917 में बनी दादासाहेब फाल्के की मूक फिल्म ‘लंका दहन’ में अण्णा सालुंके ने ही राम और सीता की दोहरी भूमिका निभाई थी. वहीं गणपत जी शिंदे ने हनुमान का और डी.डी. दबके ने रावण की किरदार निभाई थी. यह भारतीय सिनेमा की पहली फिल्मों में से एक थी, जिसमें तकनीकी रूप हाई क्वालिटी रील का इस्तेमाल किया गया था.
कितनी फिल्में बन चुकी हैं?
पिछले 100 से ज्यादा सालों में रामायण पर बनी फिल्मों की संख्या चौंकाने वाली है. सिर्फ मुख्य रामायण कहानी पर लगभग 48–50 फिल्में बन चुकी हैं. अलग-अलग किरदारों (जैसे हनुमान, लव-कुश आदि) को जोड़ें तो जानकारी कहती है कि 60 से ज्यादा फिल्में इसमें लिस्टेड हैं. और अगर इसके बाद भी एनिमेशन+शॉर्ट फिल्मों को जोड़ दें तो कुल मिलाकर- तकरीबन 200 फिल्में हैं. यानी हर दौर में रामायण को नए तरीके से पर्दे पर उतारा गया है.
यहां बताते हैं रामायण की कुछ मशहूर फिल्में-
लंका दहन (1917) – पहली फिल्म
भरत मिलाप (1942)
राम राज्य (1943)- उस दौर की सबसे फेमस फिल्म
संपूर्ण रामायण (1961)- पूरी कहानी दिखाने वाली
रामायण: द लीजेंड ऑफ प्रिंस रामा (1992/2001), इंटरनेशनल लेवल पर बनी एनिमेशन फिल्म
हनुमान (2005) – बच्चों के बीच सुपरहिट
लव कुश (1997) – राम के बेटों की कहानी
आदिपुरुष (2023) – बड़े बजट की फिल्म, लेकिन विवादों में रही
इसी के साथ अगर टीवी के आंकड़ों पर नजर डाली जाए और देखा जाए कि सबसे बड़ी ‘रामायण’ कौन सी रही?
तो रामानंद सागर की रामायण (1987-88) आज भी नंबर 1 मानी जाती है. इसके सितारों को आज भी लोग पूज्नीय मानते हैं. अरुण गोविल (राम), दीपिका चिखलिया (सीता), सुनील लहरी (लक्ष्मण) की भूमिका में नजर आए थे. 78 एपिसोड के इस शो को देखने के लिए हर रविवार सुबह 9:30 बजे सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था. 2020 लॉकडाउन में भी इसने TRP के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे.
रामायण पर बने दूसरे टीवी शोज-
रामायण (2002)
रामायण (2008-09)
सीता के राम (2015-16)
राम सिया के लव कुश (2019-20)
श्रीमद रामायण (2024)
कुल मिलाकर हिंदी में 7-8 बड़े शोज बने हैं, जबकि छोटे-बड़े मिलाकर 20+ वर्जन मौजूद हैं.
अब आ रही है नई ‘रामायण’
अब एक बार फिर बड़े पर्दे पर रामायण लौट रही है, जिसे नितेश तिवारी डायरेक्ट कर रहे हैं. फिल्म में बड़ी स्टार कास्ट है. इसमें रणबीर कपूर – भगवान राम, साई पल्लवी – माता सीता, यश – रावण, रवि दुबे – लक्ष्मण, सनी देओल – हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे. यह फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 पर रिलीज होगा वहीं दूसरा 2027 में. मेकर्स की इसे ग्लोबल लेवल पर पेश करने की तैयारी है.
रामायण सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है. इसमें आस्था है, त्याग है, धर्म है और जीवन के हर पहलू की सीख है. यही वजह है कि 100 साल बाद भी यह महाकाव्य हर पीढ़ी को आकर्षित करता है और आगे भी करता रहेगा.
आरती गुप्ता