'जुबली', 'CTRL' और 'होमबाउंड' जैसी फेमस फिल्मों और वेब सीरीज में अपने काम के लिए जाने जाने वाले सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह एक बार फिर चर्चा में हैं. पिछले साल कई महिलाओं द्वारा उन पर यौन दुर्व्यवहार, भावनात्मक शोषण और गलत व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मच गई थी. अब, एक लंबे समय के बाद प्रतीक शाह ने इन आरोपों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलतियों को स्वीकार किया है.
'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में प्रतीक शाह ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि पिछले साल उन पर जो ऑनलाइन आरोप लगे थे, वह उन्हें लेकर बात करना चाहते हैं. प्रतीक ने स्वीकार किया कि उनसे जो भी गलतियां हुईं और जिनके कारण लोगों को मानसिक या भावनात्मक ठेस पहुंची. चाहे वह उनके काम के दौरान हो या उनके पुराने निजी रिश्तों में उन सभी बातों के लिए उन्हें आज दिल से गहरा पछतावा है.
आरोपों पर गहरा पछतावा
उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें एहसास होता है कि इंडस्ट्री में जैसे-जैसे उनकी लोकप्रियता और तरक्की बढ़ी, वैसे-वैसे उनका अहंकार और खुद-मतलबी रवैया भी बढ़ता गया. उन्होंने अपने सही-गलत के फैसले पर इस सफलता को हावी होने दिया, जिसके कारण मैंने ऐसे काम किए जो खुद-मतलबी और गलत थे. मैंने असुरक्षा और दूसरों से मान्यता पाने की गलत चाहत में ऐसा किया, और मुझे अफसोस है कि मैंने कभी यह नहीं सोचा कि एक प्रभावशाली और विशेषाधिकार प्राप्त व्यक्ति के तौर पर मेरे पास कितनी ताकत थी.'
उन्होंने आगे कहा, 'हालांकि, मुझे जल्द ही एहसास हो गया कि छोटी-छोटी बातों पर बहस करने से मेरी गलतियों की सच्चाई नहीं बदल सकती. मेरी प्रतिष्ठा और रिश्तों का टूटना मेरे अपने गलत फैसलों का नतीजा था, और अपने परिवार, दोस्तों और साथ काम करने वालों को जो शर्मिंदगी और दुख पहुंचा, उसकी पूरी जिम्मेदारी मैं लेता हूं.'
शाह ने बताया कि एक साल से ज्यादा समय से वह अपने व्यवहार की असली वजहों को समझने और उन्हें ठीक करने के लिए हर हफ्ते थेरेपी ले रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा, 'मैंने एक साल से ज्यादा समय तक शराब या नशीले पदार्थों से दूर रहने (सोब्रायटी) में भी कामयाबी हासिल की है, जो मेरे चल रहे रिहैबिलिटेशन का एक अहम हिस्सा है. मुझे पता है कि इनमें से कोई भी चीज मेरे अतीत को सही नहीं ठहरा सकती. इसके लिए मुझे सच में अफसोस और शर्मिंदगी है. लेकिन मैं अपनी गलतियों से सीखने और अपने कामों से लोगों का भरोसा दोबारा जीतने के लिए प्रतिबद्ध हूं.'
बड़े प्रोजेक्ट से होना पड़ा बाहर
इन गंभीर आरोपों का प्रतीक शाह के करियर पर बहुत बुरा असर पड़ा है. विवादों के सामने आने के बाद, उन्हें राजकुमार राव की मुख्य भूमिका वाली सौरव गांगुली की बायोपिक से पूरी तरह हटा दिया गया था. इसके अलावा, उन्होंने यशराज फिल्म्स (YRF) की आने वाली बड़ी वेब सीरीज 'अक्का' के लिए सिनेमैटोग्राफी की शूटिंग पूरी की थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद की गंभीरता को देखते हुए प्रोडक्शन हाउस ने सीरीज के फाइनल क्रेडिट्स से प्रतीक शाह का नाम हटाने का कड़ा फैसला किया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क