रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच चल रहे डॉन 3 विवाद ने हाल ही में एक बड़ा मोड़ लिया है. बुधवार को फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉयीज (FWICE) ने रणवीर के खिलाफ दिया गया 'नॉन को-ऑपरेशन' का आदेश वापस ले लिया. FWICE ने साफ किया कि यह फैसला रणवीर सिंह की ओर से मंगलवार को भेजे गए कानूनी नोटिस के दबाव में नहीं लिया गया है, बल्कि दूसरे फिल्म संगठनों की रिक्वेस्ट और फिल्म इंडस्ट्री के सामूहिक हित को देखते हुए लिया गया है.
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंडस्ट्री के एक और बड़े संगठन सिनेमा एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की जनरल सेक्रेटरी और सीनियर एक्ट्रेस उपासना सिंह भी मौजूद थीं. उन्होंने रणवीर सिंह के लिए अपना मजबूत सपोर्ट जाहिर किया और उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर की जमकर तारीफ की.
उपासना सिंह ने रणवीर के योगदान को सराहते हुए कहा, "रणवीर सिंह उन एक्टर्स में से हैं, जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को फिर से खड़ा करने में सबसे बड़ा योगदान दिया है. उस वक्त में जब कई बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार संघर्ष कर रही थीं और पूरी इंडस्ट्री एक मुश्किल दौर से गुजर रही थी, तब धुरंधर और धुरंधर 2 ने शानदार कारोबार करके इतिहास रच दिया. हमें आज ऐसे और कलाकारों की जरूरत है, जिनकी फिल्में देखने दर्शक सचमुच थिएटर्स तक खिंचे चले आएं."
उपासना ने इस दौरान अपना एक पर्सनल किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने कहा, "मेरे खुद के बेटे ने धुरंधर को पांच बार देखा है और वो आज भी इसे दोबारा देखने के लिए हमेशा तैयार रहता है. इस फिल्म का क्रेज और असर दर्शकों पर कुछ ऐसा ही रहा है."
उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि ऐसी कामयाब फिल्में सिर्फ स्टार्स का कद नहीं बढ़ातीं, बल्कि इंडस्ट्री से जुड़े हजारों लो-प्रोफाइल लोगों की रोजी-रोटी के लिए भी बेहद जरूरी हैं. उपासना ने कहा, "हमें बॉलीवुड में ऐसी और फिल्मों की जरूरत है. रणवीर सिंह को हमारी शुभकामनाएं हैं और हम उम्मीद करते हैं कि वह आगे भी ऐसी ही सफल फिल्में देते रहेंगे. जब कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चलती है, तो उससे इंडस्ट्री से जुड़े अनगिनत डेली वेजर्स और टेक्नीशियन्स को काम और तनख्वाह मिलती है. हमारे लिए तो रणवीर सचमुच 'धुरंधर' साबित हुए हैं."
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान FWICE के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने बताया कि 'नॉन-कोऑपरेशन' आदेश को वापस लेने का फैसला कड़े कानूनी नोटिस के डर से नहीं, बल्कि विभिन्न फिल्म संगठनों की अपील पर लिया गया है.
उन्होंने आधिकारिक बयान में कहा, "अन्य फिल्म एसोसिएशनों की अपील और फिल्म इंडस्ट्री के व्यापक हितों को देखते हुए हम रणवीर सिंह के खिलाफ जारी किया गया निर्देश तत्काल प्रभाव से वापस ले रहे हैं."
इसके साथ ही अशोक पंडित ने रणवीर सिंह, एक्सेल एंटरटेनमेंट और सभी संबंधित संगठनों से टेबल पर बैठकर बातचीत के जरिए इस विवाद को हमेशा के लिए सुलझाने की अपील भी की. बता दें कि रणवीर सिंह और फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट का यह विवाद तब शुरू हुआ था, जब धुरंधर एक्टर ने साल 2023 में आधिकारिक तौर पर अनाउंस हो चुकी फिल्म डॉन 3 को अचानक बीच में ही छोड़ दिया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क