'धुरंधर 2' के नाम सबसे बड़ा मंडे! सनी के फैन रणवीर ने तोड़ा 'बॉर्डर 2' का रिकॉर्ड, सबसे तेज 500 करोड़ पार

‘धुरंधर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल किया है कि मंडे का ट्रेंड ही बदल गया. रिलीज के पांचवें दिन फिल्म ने 65 करोड़ का कलेक्शन करते हुए इतिहास का सबसे बड़ा मंडे दर्ज किया. इसके साथ ही रणवीर सिंह की फिल्म ने सिर्फ 5 दिनों में 500 करोड़ पार कर नया रिकॉर्ड बना डाला.

Advertisement
'धुरंधर 2' का ऐतिहासिक मंडे रिकॉर्ड! (Photo: Instagram/@officialjiostudios) 'धुरंधर 2' का ऐतिहासिक मंडे रिकॉर्ड! (Photo: Instagram/@officialjiostudios)

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:36 AM IST

'धुरंधर 2' का भौकाल इस लेवल पर है कि इसने मंडे को कुछ समझा ही नहीं! अच्छी-अच्छी बड़ी फिल्में जब संडे को धमाकेदार क्रेज के साथ आगे बढ़ती हैं, तो मंडे को आकर स्लो पड़ जाती हैं. हफ्ते के पहले वर्किंग डे पर फिल्मों की कमाई आधी हो जाना तो ट्रेंड मान लिया गया है. लेकिन 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले मंडे को बॉलीवुड के इतिहास का सबसे बड़ा मंडे बना दिया है. रणवीर सिंह की फिल्म ने सनी देओल की 'बॉर्डर 2' का टॉप रिकॉर्ड तोड़ डाला है, जिसका पहला मंडे असल में नेशनल हॉलिडे था.

Advertisement

'धुरंधर 2' का बेखौफ मंडे
बॉलीवुड के लिए सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन लेकर आई 'धुरंधर 2' का असली टेस्ट मंडे को होना था. नए हफ्ते का पहला वर्किंग डे ही तय करता है कि वीकेंड ब्लॉकबस्टर का आगे भविष्य क्या होगा. लेकिन सोमवार को सुबह से ही 'धुरंधर 2' के शोज जिस तरह भरे रहे, उससे दिखने लगा था कि ये मंडे को बड़ा धमाका करने जा रही है. मगर ये धमाका ऑल टाइम रिकॉर्ड बनाएगा, किसी ने नहीं सोचा होगा.

सैकनिल्क का डेटा बताता है कि 'धुरंधर 2' ने सोमवार को, यानी रिलीज के पांचवें दिन करीब 65 करोड़ नेट कलेक्शन किया है. ये बॉलीवुड में मंडे कलेक्शन का ऑल टाइम रिकॉर्ड है. इससे पहले सनी देओल की 'बॉर्डर 2' ने 2026 की शुरुआत में ही 63.59 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ सबसे बड़े मंडे कलेक्शन का रिकॉर्ड बनाया था. लेकिन इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस मंडे गणतंत्र दिवस के दिन था.

Advertisement

नेशनल हॉलिडे, आइकॉनिक फिल्म का सीक्वल, सनी देओल का फौजी अवतार और देशभक्ति वाली फीलिंग ने मिलकर 'बॉर्डर 2' का मंडे रिकॉर्ड बनवाया था. लेकिन 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड सिर्फ आंकड़ों में ही नहीं, इसलिए भी 'बॉर्डर 2' से बड़ा है क्योंकि ये नॉर्मल वर्किंग डे पर आया है. दिलचस्प ये है कि सनी का रिकॉर्ड तोड़ने वाले रणवीर सिंह और 'धुरंधर 2' के डायरेक्टर आदित्य धर खुद सनी के तगड़े फैन हैं. आदित्य ने बताया था कि 'धुरंधर' का डायलॉग 'घायल हूं इसलिए घातक हूं' सनी के भौकाल को सलाम के तौर पर लिखा गया था.

सबसे तेज 500 करोड़ पार
वीकेंड में 466 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन कर चुकी 'धुरंधर 2' ने मंडे के कलेक्शन के साथ 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. सिर्फ 5 दिनों में ये माइलस्टोन पार करने वाली 'धुरंधर 2' सबसे फास्ट बॉलीवुड फिल्म है. इससे पहले शाहरुख खान की 'जवान' ने 13 दिन में 500 करोड़ का आंकड़ा पार किया था.

सिर्फ हिंदी फिल्मों की बात करें तो अभी तक सबसे तेज 500 करोड़ का आंकड़ा पार करने का रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के नाम था. इसका नेट कलेक्शन 10 दिन में 500 करोड़ पार पहुंचा था. मंडे के कलेक्शन के बाद 'धुरंधर 2' का नेट हिंदी कलेक्शन 490 करोड़ से ज्यादा और 500 करोड़ के बहुत करीब है. मेकर्स के फाइनल आंकड़ों में ये 500 करोड़ पार करती नजर आ सकती है. ऐसा नहीं भी हुआ तो मंगलवार को सुबह के कुछ ही घंटों में 'धुरंधर 2' का हिंदी कलेक्शन 500 करोड़ पार कर जाएगा.

Advertisement

वीकेंड तक वर्ल्डवाइड 761 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी 'धुरंधर 2' का मंडे कलेक्शन वर्ल्डवाइड 100 करोड़ के बहुत करीब होने का अनुमान है. 5 दिन में इसका टोटल ग्रॉस कलेक्शन कम से कम 850 करोड़ का लैंडमार्क पार कर चुका है. 'धुरंधर 2' का क्रेज बता रहा है कि मंडे क्या, हफ्ते के बाकी वर्किंग डेज़ में भी फिल्म को जमकर दर्शक मिलने वाले हैं. तो क्या आप भी ऑफिस में बहाना बनाकर हाफ डे या लीव लेकर 'धुरंधर 2' देखने वाले हैं?
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement