दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आंदोलन पर बैठी हुई थी. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के लिए लाखों स्टूडेंट्स भीड़ लगाकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे. 20 जुलाई को CJP प्रदर्शन ने संसद की तरफ मार्च करने की कोशिश की, जिसमें उन्हें पहली सफलता भी मिली. स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने CJP कार्यकर्ताओं से मुलाकात की.
आंदोलन में शबाना-प्रकाश राज
CJP संसद मार्च में लाखों बच्चों-युवाओं के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी जुड़े थे. बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस शबाना आजमी ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया. उनके साथ प्रकाश राज भी थे, जो शुरुआत से CJP के समर्थन में दिखे हैं. इसमें खास बात ये रही कि बिगड़ी तबीयत के बावजूद शबाना शुरुआत से लेकर अंत तक इस आंदोलन में नजर आईं.
दिन खत्म होने के बाद, शबाना आजमी ने अपने सोशल मीडिया के जरिए इस संसद मार्च की झलक भी दिखाई. उन्हें और प्रकाश राज को एक ट्रक में बच्चों के साथ बैठे देखा गया. इस फोटो पर एक्ट्रेस ने सरकार से हुई बातचीत पर खुशी जाहिर की. उन्होंने इस आंदोलन से कई सारी वीडियोज भी शेयर कीं.
एक वीडियो में शबाना आजमी को पुलिस बैरीकेड के ऊपर चढ़ते देखा गया, जिसमें वो अपने आसपास मौजूद लोगों से मदद मांग रही थीं. इसपर उन्होंने लिखा- जंतर मंतर पर युवा साथियों की मदद से प्रदर्शन स्थल तक पहुंची. हमारी मांग है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार किए जाएं और पूरे सिस्टम में बदलाव लाया जाए. देश की GDP का 6% शिक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और महिलाओं के सशक्तिकरण पर खर्च किया जाए. यही किसी भी देश की असली तरक्की और सफलता का पैमाना होना चाहिए.
याद की पिता कैफी आजमी की नज्म
शबाना आजमी ने ट्रक में बैठकर अपने पिता कैफी आजमी की दो नज्मों को याद भी किया. उन्होंने देश का हाल बयां करते हुए एक नज्म कही, जिसके जरिए वो अपनी बात सरकार तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं.
शबाना आजमी ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में इस CJP प्रदर्शन पर खुलकर बात भी की थी. उनका कहना था कि सरकार को बच्चों से एक बार बात करनी चाहिए. उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री को भी लेटर लिखा है. उनके पति जावेद अख्तर ने भी लेटर लिखकर अपील की है कि बच्चों की बात सुनी जाए.
कंगना-हेमा मालिनी ने रखा अपना पक्ष
इस पूरे मामले पर कंगना रनौत और हेमा मालिनी ने भी अपनी बात सामने रखी थी. जहां हेमा मालिनी ने न्यूज एजेंसी से कहा था कि सारी चीजें बात करके हल होती हैं, इस तरह प्रदर्शन करके कुछ हासिल नहीं होता है. उनकी सरकार हमेशा बच्चों के साथ खड़ी रही और अच्छा काम किया. वहीं कंगना ने कहा कि इस तरह सरकार का हाथ मरोड़कर उनसे इस्तीफे की मांग पूरी कराना सही नहीं है. उनका कहना है कि ये सरकार का हक है कि वो किसे सरकार चलाने के लिए चुनती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क