धमाकेदार अंदाज में थिएटर्स में पहुंची अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला, दूसरे हफ्ते में भी दमदार बनी हुई है. भूलभुलैया (2007) बॉलीवुड में हॉरर-कॉमेडी की शुरुआत करने वाले अक्षय और डायरेक्टर प्रियदर्शन की जोड़ी ने जनता को एक नई मजेदार फिल्म दी है. पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के दम पर भूत बंगला को कामकाजी दिनों में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ऑडियंस मिल रही है. वीकेंड में ही दमदार हिट साबित हो चुकी भूत बंगला ने बुधवार को फिर से दमदार कमाई की है.
लगातार दमदार भूत बंगला
अक्षय की फिल्म ने दूसरे वीकेंड के तगड़ी शुरुआत की थी. शुक्रवार से रविवार के बीच भूत बंगला ने 26 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर डाला, जो बीते कई सालों में अक्षय की किसी भी फिल्म का बेस्ट सेकंड वीकेंड कलेक्शन है. फिल्मों की कमर तोड़ने वाले दूसरे सोमवार को 3.50 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन के साथ भूत बंगला ने अपना दम दिखाया. मंगलवार को ब्लॉकबस्टर ट्यूस्डे ऑफर में टिकट सस्ते हुए तो थिएटर्स में भीड़ फिर बढ़ी और फिल्म को 4.35 करोड़ के करीब कलेक्शन देकर गई.
ऑफर वाले मंगलवार के बाद बुधवार को फिल्मों के कलेक्शन में गिरावट आना कॉमन है. मगर भूत बंगला के मामले में ये गिरावट कुछ खास नहीं है. सैकनिल्क के आंकड़े बताते हैं कि भूत बंगला ने बुधवार को 3.40 करोड़ कलेक्शन किया है. ये लगभग सोमवार के ही बराबर है. यानी कामकाजी दिनों में भी भूत बंगला का बॉक्स ऑफिस होल्ड तगड़ा बना हुआ है. बुधवार की कमाई से अक्षय की फिल्म ने 13 दिनों में 130 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. अब ऑफिशियल आंकड़ों में फिल्म का टोटल कलेक्शन करीब 132 करोड़ के आसपास हो चुका है.
अक्षय की फिल्म वीकेंड कलेक्शन से ही बॉक्स ऑफिस हिट साबित हो चुकी थी. अब बस इसका लाइफटाइम कलेक्शन बढ़ता जा रहा है, जो इसे लॉकडाउन के बाद अक्षय की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनाएगा. भूत बंगला का रिपोर्टेड बजट 120 करोड़ था. अक्षय की पिछली कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिपोर्टेड बजट के बराबर भी कलेक्शन नहीं कर पाई थीं. बजट और कलेक्शन के गणित के हिसाब से ये भूत बंगला अभी से बड़ी हिट बन चुकी है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क