आमिर खान की फिल्म लगान को रिलीज हुए 25 साल गुजर चुके हैं. लेकिन इसकी याद आज भी कई लोगों के दिमाग में ताजा है. आमिर की फिल्म साल 2001 में ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी. इसके गाने हों या एक्टर्स की परफॉर्मेंस, लगान की हर चीज अब आइकॉनिक मानी जाती है.
आमिर की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में लेजेंडरी राइटर जावेद अख्तर ने भी काम किया था. उन्होंने फिल्म के सभी गाने लिखे थे, जो काफी सुने गए और बाद में हिट भी हुए. इसी में से एक गाने को लिखने में जावेद अख्तर को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था. हाल ही में हुए एक इवेंट के दौरान उन्होंने इसका खुलासा भी किया.
जावेद अख्तर का सबसे बड़ा चैलेंज
जावेद अख्तर ने फिल्म लगान के 25 साल पूरे होने पर बताया कि ओ पालनहारे गाना लिखना उनके लिए सबसे ज्यादा मुश्किल था. ये गाना उनके करियर में भी कई सारे चैलेंज लेकर आया था. लेजेंडरी राइटर ने बताया कि एक नास्तिक इंसान होने के बावजूद, उन्हें खुद को इस गाने के लिए पूर्ण-समर्पण करना पड़ा.
उन्होंने कहा- जब लोग मुझसे पूछते हैं कि कौन-सा एक गाना लिखने में मुझे सबसे ज्यादा मुश्किल हुई, तो मैं हमेशा कहता हूं कि ‘ओ पालनहारे. ए आर रहमान साहब की इस धुन में इतनी शुद्ध भक्ति थी कि कोई भी सुनते ही समझ जाता है कि ये गाना आध्यात्मिक है. मैं खुद नास्तिक हूं, फिर भी मुझे अपने दिल में सच्ची मासूमियत और समर्पण ढूंढना पड़ा. ऐसे गाने चालाकी या हथकंडे से नहीं लिखे जा सकते. इन्हें सिर्फ शुद्धता और सादगी से लिखा जा सकता है.
रिकॉर्डतोड़ रहे लगान के गाने
इवेंट में मौजूद ए आर रहमान ने भी जावेद अख्तर की बात पर कहा, 'मैं चाहता था कि ये टाइमलेस गाना बने, और किस्मत से ऐसा हो भी गया.' आमिर की फिल्म लगान के गाने कितने बड़े हिट थे, इसका अंदाजा आप इसके साउंडट्रैक की बिक्री से लगा सकते हैं जो बॉलीवुड के इतिहास में सबसे बड़े ऑडियो हिट्स में से एक है. इसने 35 लाख से ज्यादा रिकॉर्ड्स बेचे हैं.
लगान के 25 साल पूरे होने पर ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि आमिर खान अपनी फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और टीम के लिए एक खास पार्टी रखने वाले हैं. ये पार्टी 13 जून को मुंबई के एक 5 स्टार होटल में रखी जाएगी. हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क