देश की राजधानी दिल्ली में नितेश तिवारी की महाकाव्य फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का भव्य ट्रेलर लॉन्च इवेंट हुआ. इस ऐतिहासिक मौके पर जहां फिल्म की पहली झलक ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए, वहीं इवेंट में पहुंची एक ऐसी शख्सियत ने सबका ध्यान खींचा जो सालों से करोड़ों भारतीयों के दिलों में भगवान राम के रूप में रचे-बसे हैं. हम बात कर रहे हैं टीवी के धारावाहिक 'रामायण' में श्रीराम का किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर अरुण गोविल की.
अरुण गोविल भी इस मेगा इवेंट का हिस्सा बनने दिल्ली पहुंचे थे. इवेंट के दौरान जब वे मंच पर आए, तो उन्होंने न सिर्फ अपने पुराने दिनों की यादें ताजा कीं, बल्कि नई फिल्म में रणबीर कपूर के 'राम' बनने और खुद के 'राजा दशरथ' का किरदार निभाने को लेकर बेहद दिल छू लेने वाली बातें कहीं.
अरुण गोविल को कर दिया था रिजेक्ट
मंच पर बात करते हुए अरुण गोविल ने उस दौर का एक बेहद दिलचस्प किस्सा शेयर किया, जब दूरदर्शन पर 'रामायण' बनने जा रही थी. उन्होंने बताया, 'जब मैं 'विक्रम बेताल' की शूटिंग कर रहा था, तब मुझे पता चला कि रामानंद सागर साहब 'रामायण' बनाने जा रहे हैं. मैंने बिना किसी हिचक के सीधे सागर साहब को अप्रोच किया. लेकिन सागर साहब ने उन्हें पहली ही बार में रिजेक्ट कर दिया. रामानंद सागर ने उनसे कहा था कि अगर कोई और रोल करना है तो देख लो. इस पर अरुण गोविल ने साफ कह दिया था, 'मुझे कोई दूसरा रोल नहीं करना था, मुझे सिर्फ श्रीराम का चरित्र ही जीना था. जब मैं रिजेक्ट हुआ तो मुझे बुरा नहीं लगा, मैंने यही सोचा कि ठीक है, जो राम जी की मर्जी.'
जब रामानंद सागर ने बदला अपना फैसला
अरुण गोविल ने आगे बताया कि वह अपनी जिद पर अड़े हुए थे कि रोल करेंगे तो सिर्फ राम का, जबकि मेकर्स उन्हें भरत का किरदार ऑफर कर रहे थे. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. कुछ महीनों के बाद अचानक अरुण गोविल के पास रामानंद सागर का फोन आया. सागर साहब ने उनसे पंजाबी लहजे में कहा, 'साड्डी सेलेक्शन डिसाइड कित्ती है कि तेरे वरगा राम नहीं मिलना' (यानी हमारे चुनाव ने यह तय कर दिया है कि तुम्हारे जैसा राम दूसरा कोई मिल ही नहीं सकता). इस किस्से को शेयर करते हुए अरुण गोविल ने इमोशनल होकर कहा कि असल में राम जी खुद चुनते हैं कि पर्दे पर कौन उनका किरदार निभाएगा.
सेट पर रणबीर कपूर को लेकर कही ये बात
आपको बता दें कि नितेश तिवारी की इस नई फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' में अरुण गोविल एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आने वाले हैं. वह इस फिल्म में भगवान राम के पिता यानी राजा दशरथ का रोल प्ले कर रहे हैं. इस नए एक्सपीरियंस और रणबीर कपूर के साथ काम करने पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 'दशरथ का रोल करते समय मेरे दिमाग में बार-बार पुरानी यादें ताजा हो रही थीं. मुझे बार-बार यह याद आता था कि जब मैं राम था और मेरे सामने दशरथ का किरदार होता था, तो मैं कैसे रिएक्ट करता था.'
उन्होंने रणबीर कपूर (जो फिल्म में राम बने हैं) का जिक्र करते हुए आगे कहा, 'मैं जब भी सेट पर शूटिंग के लिए होता था, तो राम (रणबीर कपूर) मेरे सामने साक्षात मौजूद हों या न हों, लेकिन मैं मानसिक रूप से हमेशा वहीं रहता था.' अरुण गोविल की इन बातों ने साफ कर दिया कि नई रामायण की शूटिंग के दौरान भी उनके भीतर का 'राम' पूरी तरह जीवंत था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क