अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले पर दिए गए बयान के बाद बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर लगातार सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं. उनके बयान पर कई लोगों ने नाराजगी जताई, लेकिन अब एक्टर ने बिना किसी का नाम लिए एक के बाद एक पोस्ट शेयर कर आलोचकों को करारा जवाब दिया है.
अनुपम ने दिया कैसा बयान?
दरअसल, हाल ही में आजतक से बातचीत में अनुपम खेर ने कहा था कि राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला "बहुत छोटी बात" है. उनका कहना था कि इतिहास में मंदिरों को तोड़ा गया, लूटा गया और हिंदुओं पर हुए अत्याचार उससे कहीं बड़ा मुद्दा है.
अनुपम खेर कहते हैं- मंदिरों में लूट तब मची थी, जब मुगलों ने हमारे मंदिर तोड़े. जब ब्राह्मणों की हत्या की गई. जब मंदिरों का धन लूटकर ले जाया गया. महिलाओं के साथ अत्याचार हुए. वो कहीं ज्यादा बड़ी बात थी. अगर हम उस दर्द से निकल सकते हैं, तो यह बहुत-बहुत छोटी बात है. इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर निशाना बनाया गया.
क्रिप्टिक पोस्ट से दिया जवाब
अब ट्रोलिंग के बीच अनुपम खेर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक संदेश शेयर किया, जिसमें लिखा था- ईमानदार इंसान की सबसे बड़ी दौलत उसकी निडरता होती है. जिसके मन में चोर नहीं, उसकी नजर कभी नहीं झुकती. इस पोस्ट को लोग ट्रोलर्स को दिया गया उनका सीधा जवाब मान रहे हैं.
यही नहीं, इसके बाद अनुपम खेर ने एक और लंबा पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने लिखा- लोकप्रिय होना अच्छा लगता है. लेकिन हर किसी का पसंदीदा बनने की कोशिश अक्सर हमें खुद से दूर कर देती है. मैंने सीखा है कि सबसे जरूरी है अपनी नजरों में अच्छा इंसान बने रहना. बाकी दुनिया की राय वक्त के साथ बदलती रहती है. आपकी दुनिया में कितने लोग हैं, जिनकी राय सचमुच मायने रखती है? कभी इस बारे में सोचिएगा. पूरी दुनिया में पॉपुलर बनने की कोशिश न करें. ये न तो जरूरी है और न ही सही. जय हो.
अनुपम खेर ने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे उनके आलोचकों को दिया गया जवाब माना जा रहा है. फैंस भी इस पोस्ट पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग एक्टर का समर्थन कर रहे हैं, तो कई यूजर्स का कहना है कि ये पोस्ट हालिया विवाद के बाद आई आलोचनाओं का जवाब है. वहीं कई निराशा जताते हुए कह रहे हैं कि अनुपम से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं थी.
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर जल्द ही 'खोसला का घोसला 2' में नजर आएंगे. वो अयोध्या मंदिर पर बनने वाली फिल्म में भी काम कर रहे हैं. हालांकि फिलहाल उनकी फिल्मों से ज्यादा उनके बयान और उसके बाद किए गए सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बने हुए हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क