कथावाचक अनिरुद्धाचार्य का कॉमेडियन्स पर फूटा गुस्सा, बोले- देश में फूहड़ता चल रही, कोई रोकने वाला नहीं

कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में हुई 370 रुपये की आपत्तिजनक बिरयानी वाले विवाद पर मशहूर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज ने भी अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है और युवाओं की इस सोच पर गहरी चिंता जताई है.

Advertisement
प्रणित मोरे पर बोले अनिरुद्धाचार्य (Photo: Screengrab) प्रणित मोरे पर बोले अनिरुद्धाचार्य (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 18 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:46 AM IST

पिछले कुछ दिनों में कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में '370 की बिरयानी' वाली बात पर सोशल मीडिया पर काफी हंगामा हुआ है. 23 साल के हिमांशु जांगड़ा ने कहा था कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गए थे, जहां उन्होंने बिरयानी की एक प्लेट के लिए ₹370 खर्च किए थे, और इसलिए उन्हें अपने इस खर्च का रिटर्न मिलना चाहिए था. अब इस पूरे  विवाद पर  कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने इस पूरे मामले पर अपना रिएक्शन दिया है.

Advertisement

कॉमेडी के नाम पर परोसी जा रही फूहड़ता
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने इस पूरे मामले पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि आजकल कॉमेडी के नाम पर समाज में गलत बातें फैलाई जा रही हैं. उन्होंने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा, 'एक नौजवान ने खुलेआम बोल दिया कि मैंने ₹370 की बिरयानी खिलाई है तो मैं उसकी वसूली करूंगा. जब ऐसी फूहड़ कॉमेडी हमारे समाज में परोसी जाएगी, तो हमारे देश के नौजवानों पर इसका क्या असर पड़ेगा? युवा सोचने लगेंगे कि ₹370 की बिरयानी खिलाकर किसी लड़की से उस पैसे को कैसे वसूला जाए.'

चरित्र के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश
अनिरुद्धाचार्य महाराज ने इस बात पर जोर दिया कि यह मामला सिर्फ पैसों का नहीं, बल्कि मानसिकता का है. उन्होंने आगे कहा, 'वह लड़का ₹370 वसूलने के बहाने उस लड़की के साथ रेप करना चाहता है, उसके चरित्र के साथ खेलना चाहता है. मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इस तरह की घटिया मानसिकता हमारे देश और समाज के लिए सही है? बिल्कुल नहीं. लेकिन दुख की बात यह है कि कॉमेडी के नाम पर चल रही इस फूहड़ता को रोकने वाला कोई नहीं है.'

Advertisement

मीडिया के रवैये पर उठाए सवाल
महाराज ने इस मामले में मीडिया की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, 'जब हम संत समाज के लोग समाज को सुधारने के लिए मर्यादा में रहने की बात करते हैं, तो भारत की मीडिया हमारे पीछे पड़ जाती है. हमें गलत ठहराया जाता है और पूछा जाता है कि आप ऐसा कैसे बोल सकते हैं. लेकिन जो लड़का खुलेआम ₹370 की बिरयानी के बदले लड़की के चरित्र को वसूलने की बात कर रहा है, उस पर मीडिया कुछ नहीं बोल रही है.'

गालियां सुनकर भी धर्म की सेवा जारी रहेगी
अपने बयान के आखिरी में अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि संत हमेशा समाज और देश का भला चाहते हैं. उन्होंने कहा, 'संत तो देश के शुभचिंतक हैं. मीडिया हमें चाहे कितनी भी गालियां दे या हमारे बारे में कुछ भी दिखाए, हम गालियां सुनने के बाद भी चुप नहीं बैठेंगे. हम अपने धर्म की सेवा और समाज को जागरूक करने का काम इसी तरह पूरी निष्ठा के साथ करते रहेंगे.'

महाराष्ट्र-हरियाणा में FIR दर्ज
वहीं बीते दिनों गुरुग्राम पुलिस ने स्टैंड अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने राष्ट्रीय महिला आयोग की शिकायत पर केस दर्ज किया है. इससे पहले महाराष्ट्र में भी प्रणीत मोरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »