बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा ने हाल ही में खुलासा किया है कि उन्हें सलमान खान की कल्ट क्लासिक फिल्म 'तेरे नाम' को ठुकराने का आज भी बहुत अफसोस है. साल 2003 में आई इस फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था, बल्कि सलमान खान के करियर को भी एक नई दिशा दी थी. अब एक्ट्रेस ने इस पर रिएक्शन दिया है.
अमीषा ने बताया कि यह फिल्म पहले उन्हें ही ऑफर हुई थी, लेकिन कुछ ऐसी परिस्थितियां बनीं कि वह इस प्रोजेक्ट का हिस्सा नहीं बन पाईं. अब सालों बाद एक्ट्रेस ने इस मौके पर खुलकर बात की है.
जब 'हवा' में था फिल्म का पूरा प्रोजेक्ट
अमीषा पटेल ने बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू के दौरान बताया कि जब सलमान खान ने उन्हें 'तेरे नाम' का ऑफर दिया था, तब फिल्म की स्थिति बहुत शुरुआती थी. अमीषा के मुताबिक, उस वक्त केवल फिल्म के गाने तैयार हुए थे और सलमान के पास एक कहानी का आइडिया था. सलमान खुद इस प्रोजेक्ट को लेकर बहुत ज्यादा एक्साइटेड थे और उन्होंने अमीषा को गाने भी सुनाए थे, जो उन्हें काफी पसंद आए थे. लेकिन उस समय फिल्म का शेड्यूल तय नहीं था और न ही यह पता था कि फिल्म को डायरेक्ट कौन करेगा?
फिल्म के हाथ से निकलने की सबसे बड़ी वजह 'डेट्स' की कमी रही. अमीषा ने बताया कि फिल्म का काम काफी समय तक अटका रहा और कई डायरेक्टर्स के नाम आगे-पीछे होते रहे. उन्होंने कहा, 'एक कलाकार के तौर पर मैं अपनी दूसरी फिल्मों के लिए पहले ही हां कर चुकी थीं. मैंने दूसरे मेकर्स को अपनी तारीखें दे दी थीं. 'तेरे नाम' का काम तब तक काफी अनिश्चित था, कभी लग रहा था कि शुरू होगी, कभी इसमें देरी हो रही थी. ऐसे में एक अनिश्चित प्रोजेक्ट के लिए अपनी बाकी फिल्मों को छोड़ना मेरे लिए मुमकिन नहीं था.'
अमीषा को हो रहा पछतावा
अमीषा ने आगे बताया कि जब आखिरकार सब कुछ फाइनल हुआ और सतीश कौशिक ने बतौर डायरेक्टर कमान संभाली, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. जब फिल्म फ्लोर पर जाने के लिए तैयार हुई, तब अमीषा अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में बुरी तरह व्यस्त थीं. उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, 'अगर सलमान उस वक्त एक फिक्स डायरेक्टर और तय तारीखों के साथ आते, तो मैं कभी ऐसी खूबसूरत फिल्म और सलमान खान के साथ काम करने का मौका नहीं छोड़ती. यह वाकई मेरा एक बड़ा नुकसान था.'
कल्ट फिल्म बन गई 'तेरे नाम'
बता दें कि अमीषा के मना करने के बाद यह रोल भूमिका चावला को मिला, जिन्होंने इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया और रातों-रात स्टार बन गईं. सलमान खान का 'राधे मोहन' वाला किरदार और उनका हेयरस्टाइल उस दौर में एक बड़ा ट्रेंड बन गया था. मात्र 10 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने न केवल अच्छी कमाई की, बल्कि हिमेश रेशमिया के संगीत ने इसे अमर बना दिया. हाल ही में इस री-रिलीज किया गया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क