आलिया भट्ट और शरवरी की स्पाई-यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' शुक्रवार को काफी चर्चाओं के साथ रिलीज हुई थी. वीकेंड में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाती नजर आ रही थी, लेकिन सॉलिड वीकेंड कलेक्शन के बाद फिल्म का असली टेस्ट मंडे को होना था. अब मंडे के बॉक्स ऑफिस आंकड़े सामने आ गए हैं, जो बताते हैं कि 'अल्फा' चौथे दिन से स्लो पड़ने लगी है. फिल्मों का बड़ा टेस्ट लेने वाले सोमवार को 'अल्फा' की कमाई में बड़ी गिरावट आई है.
शुक्रवार को 9.25 करोड़ के ओपनिंग कलेक्शन के साथ एंट्री लेने वाली 'अल्फा', जनता को थिएटर्स तक खींचती नजर आई. शनिवार-रविवार की कमाई एक अच्छे जंप के साथ डबल डिजिट्स में पहुंची, इसलिए वीकेंड में फिल्म का कलेक्शन 34 करोड़ तक पहुंच गया था.
अब सैकनिल्क का डेटा बताता है कि 'अल्फा' ने चौथे दिन यानी सोमवार को बॉक्स ऑफिस पर 3.85 करोड़ नेट कलेक्शन किया है. संडे की कमाई 13.25 करोड़ के मुकाबले मंडे की गिरावट 70% से ज्यादा है. 'अल्फा' के ओपनिंग कलेक्शन के मुकाबले भी मंडे की गिरावट 60% के करीब है.
'अल्फा' का रिपोर्टेड बजट 100 करोड़ से 125 करोड़ के बीच है. ऐसे में फिल्म को पहले हफ्ते में बड़ी कमाई की जरूरत है, लेकिन वीकेंड के बाद, मंडे को आई तीखी गिरावट बताती है कि पब्लिक का वर्ड ऑफ माउथ 'अल्फा' का बहुत साथ नहीं दे पा रहा. अब तक 4 दिन में फिल्म का टोटल कलेक्शन 37.85 करोड़ ही हुआ है.
मंगलवार को ब्लॉकबस्टर ट्यूसडे ऑफर में मिलने वाले सस्ते टिकट से कमाई थोड़ी बढ़ने की उम्मीद जरूर है, लेकिन मंगलवार के बाद वाले दिन कमाई थोड़ी और स्लो होती नजर आएगी. 'अल्फा' बॉक्स ऑफिस पर पहले एक हफ्ते में 45 करोड़ के आसपास कलेक्शन कर सकती है, लेकिन दूसरे हफ्ते में फिल्म को अच्छी ग्रोथ तभी मिलती है जब वर्ड ऑफ माउथ दमदार हो.
जबकि 'अल्फा' यहीं पर मात खाती नजर आ रही है. अहले हफ्ते में 50-55 करोड़ कलेक्शन होनेपर इसके चांस आगे के लिए बेहतर होते. ऐसे में नजरें इस बात पर रहेंगी कि आलिया भट्ट स्टारर, स्पाई-यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म कितना कलेक्शन कर पाती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क