आलिया भट्ट को बॉलीवुड की सबसे कामयाब सोलो एक्ट्रेस क्यों कहा जाता है, ये अल्फा से एक बार फिर साबित हो गया है. विद्या बालन और कंगना रनौत के स्लो पड़ने के बाद, इस समय बॉलीवुड में ऐसी एक्ट्रेसेज की बड़ी कमी है जो बॉक्स ऑफिस पर बिना हीरो, सोलो लीड फिल्म का वजन उठा सकें. जबकि दूसरी तरफ आलिया हैं जिन्होंने हाईवे, डियर जिंदगी, राजी और गंगूबाई काठियावाड़ी जैसी सोलो हिट्स दी हैं. अब अल्फा की दमदार शुरुआत से आलिया ने एक बार फिर से अपनी बॉक्स ऑफिस पावर साबित कर दी है.
आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर अल्फा ने बड़ी चर्चाओं के बीच शुक्रवार को थिएटर्स में एंट्री ली. फिल्म के रिव्यूज मिले-जुले रहे लेकिन अच्छी एडवांस बुकिंग के साथ आई इस फिल्म के लिए दर्शक थिएटर्स पहुंचते नजर आए. शाहरुख खान, सलमान खान, ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और टाइगर श्रॉफ जैसे दमदार हीरोज वाले स्पाई-यूनिवर्स में फीमेल लीड फिल्म के आइडिया में लोग दिलचस्पी लेते नजर आए. इसका नतीजा ये हुआ है कि अल्फा ने उम्मीद से बेहतर शुरुआत की है.
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि आलिया और शरवरी की फिल्म ने पहले दिन 9 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. अल्फा के लिए ये काफी बेहतर शुरुआत है क्योंकि बॉलीवुड में फीमेल लीड एक्शन फिल्मों का हाल बहुत अच्छा नहीं रहा है. ऐसे में अल्फा की ये ओपनिंग दमदार कही जा सकती है.
करियर की दूसरी ही फिल्म हाईवे से आलिया ने साबित कर दिया था कि वो बिना हीरो वाली फिल्म का वजन अपने कंधों पर उठा सकती हैं. अपने करियर में उन्होंने ये बार-बार प्रूव किया है. हालांकि, उनकी पिछली सोलो फिल्म जिगरा बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी, मगर अल्फा उनके करियर की दूसरी बेस्ट सोलो ओपनिंग लेकर आई है. आलिया के टॉप ओपनिंग कलेक्शन कुछ इस तरह हैं:
गंगूबाई काठियावाड़ी- 10.50 करोड़
अल्फा- 9 करोड़
डियर जिंदगी- 8.75 करोड़
राजी- 7.53 करोड़
जिगरा- 4.55 करोड़
अल्फा ने शुरुआत तो दमदार की है, मगर आगे इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर क्या होना है, ये पूरी तरह ऑडियंस के वर्ड ऑफ माउथ पर है. 100-125 करोड़ रुपये के रिपोर्टेड बजट में बनी अल्फा को अगर दर्शकों का साथ मिलता है, तो इस ओपनिंग के साथ ये फिल्म कमाल कर सकती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क