बॉलीवुड में कई सालों बाद अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की वापसी हुई है. उनकी नई फिल्म 'भूत बंगला' थिएटर्स में रिलीज हो गई है, जिसे क्रिटिक्स और ऑडियंस से मिक्स रिव्यू मिल रहे हैं. ये एक हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें सुपरनैचुरल फैंटेसी का तड़का डाला गया है. अक्षय-प्रियदर्शन के रीयूनियन का इंतजार काफी लंबे समय से किया जा रहा था. जबसे इसकी अनाउंसमेंट हुई, तभी से फैंस के बीच माहौल बनने लगा था.
'भूत बंगला' फिल्म को लेकर इंटरनेट पर सिर्फ एक बात कही जा रही है. वो ये कि इसे 19 साल पहले आई 'भूल भुलैया' जैसी बनाने की कोशिश हुई है. चूंकि उस फिल्म को भी प्रियदर्शन ने बनाया था, और भूत बंगला की ज्यादातर कास्ट भी उसका हिस्सा थी. इसलिए ऐसी सब बातें होना लाजमी भी है. मगर भूत बंगला में एक और चीज है, जिससे ये चर्चा और भी ज्यादा बढ़ गई है.
क्या है भूत बंगला में दिखाई हवेली का अक्षय से कनेक्शन?
अक्षय और प्रियदर्शन ने अपनी नई फिल्म उसी हवेली में शूट की है, जहां साल 2007 में आई उनकी 'भूल भुलैया' बनी थी. ये वही भूतिया महल है, जिसे बॉलीवुड की फिल्मों में अक्सर दिखाया जाता है. अक्षय कुमार ने इस हवेली में अपनी दूसरी हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला शूट की. जयपुर में स्थित ये हवेली अक्षय के लिए काफी खास भी साबित हुई है.
'भूल भुलैया' फिल्म 19 साल पहले बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी. विद्या बालन का हॉरर अवतार, अक्षय, राजपाल यादव, असरानी और परेश रावल के कॉमिक एलिमेंट्स ने उस फिल्म को यादगार बना दिया था. फिल्म में दिखाई भूतिया हवेली भी पूरा माहौल सेट करने में कामयाब साबित हुई थी. अब भूत बंगला में भी वही मैजिक दोहराने की कोशिश हुई है, जो देखना होगा कि आगे जाकर मेकर्स के कितने काम आता है.
क्या है 350 साल पुरानी हवेली का इतिहास?
भूत बंगला फिल्म में दिखाई गई हवेली दरअसल जयपुर से 45 किलोमीटर दूर स्थित है. ये 350 साल पुरानी हवेली है, जिसे अब एक होटल में बदल दिया गया है. इसका असल नाम चोमू पैलेस है, जिसका निर्माण कहा जाता है कि 16वीं शताब्दी में शुरू हुआ. फिर सालों साल इसमें बदलाव होते गए. 20वीं शताब्दी में इसे एक शाही निवास में बदल दिया गया था, जिसमें दर्बार हॉल जैसी जगहें भी शामिल थीं. आज इसे एक हेरिटेज होटल के रूप में बदल दिया गया है, जो अपनी मूल विशेषता को बनाए रखते हुए गेस्ट्स और फिल्ममेकर्स दोनों के लिए अपने दरवाजे खोलता है.
प्रियदर्शन की फिल्म भूत बंगला दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई कर चुकी है. इसने अभी तक कुल मिलाकर 15 करोड़ रुपये से ज्यादा कमा लिए हैं. अक्षय की फिल्म अपने पहले वीकेंड में प्रवेश कर चुकी है, देखना होगा कि ये कितनी कमाई कर पाती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क