मबॉलीवुड से आई हिंदी फिल्म 'दृश्यम द कन्क्लूजन' ने अपने पहले हफ्ते में काफी बढ़िया प्रदर्शन किया. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 150 करोड़ से ज्यादा कमा गई. दुनियाभर में इस फिल्म का जलवा रहा. मात्र तीन दिनों में फिल्म वर्ल्डवाइड 250 करोड़ के पार गई. दृश्यम 3 का क्रेज इतना ज्यादा है कि इसके सामने हॉलीवुड की फिल्मों को भी स्ट्रगल करना पड़ा, जो कि एक दुर्लभ घटना है.
हॉलीवुड में भी अजय रहे आगे
2 अक्टूबर को हॉलीवुड के एक्शन हीरो टॉम क्रूज की फिल्म डिगर भी दुनियाभर में रिलीज हुई थी. इस फिल्म को ऑडियंस ने उतना प्यार नहीं दिया, और ना ही फिल्म के रिव्यू इसकी कमाई में कोई उछाल ला पाए. नतीजा, टॉम की फिल्म अजय की छोटी सी दृश्यम के सामने फीकी पड़ गई. दृश्यम 3 ने अपने पहले दिन अमेरिका और कनाडा में करीब 2.7 मिलियन डॉलर यानी 26 करोड़ रुपये के आसपास कमाए. वहीं, यूरोप और खाड़ी देशों समेत दूसरे इंटरनेशनल मार्केट्स में फिल्म ने 3.4 मिलियन डॉलर यानी 33 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की.
रविवार तक फिल्म की दुनियाभर में कुल कमाई करीब 28.4 मिलियन डॉलर यानी 273 करोड़ रुपये हो गई थी. इस कमाई के साथ ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ दुनिया की इस वीकेंड की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. इससे आगे सिर्फ ऐनी हैथवे और डकोटा जॉनसन की फिल्म वेरिटी है, जिसने दुनियाभर में 62.6 मिलियन डॉलर यानी 615 करोड़ कमाए.
वहीं टॉम क्रूज की डिगर ने अपने ओपनिंग वीकेंड में वर्ल्डवाइड करीब 20 मिलियन डॉलर यानी 190 करोड़ रुपये ही कमाए. टॉम के अलावा ब्रैड पिट की हार्ट ऑफ द बीस्ट ने अपने दूसरे हफ्ते में 28 मिलियन डॉलर यानी 270 करोड़ रुपये की कमाई की और इस वीकेंड तीसरे नंबर पर रही.अजय देवगन की दृश्यम 3 ने इन दोनों फिल्मों के मुकाबले कम थिएटर्स में रिलीज होने के बावजूद हॉलीवुड की इन दिग्गजों की फिल्मों को कमाई में मात दे दी है.
बात करें दृश्यम द कन्क्लूजन फिल्म की, तो इसका बजट करीब 100-110 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. तीन दिनों में ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई है. अब देखना है कि सोमवार को ये कितनी कमाई करती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क