राजेश शर्मा आज बॉलीवुड और ओटीटी की दुनिया के उन कलाकारों में गिने जाते हैं, जो हर किरदार में जान डाल देते हैं. चाहे कॉमेडी हो, इमोशनल रोल हो या फिर निगेटिव किरदार, राजेश शर्मा अपनी दमदार एक्टिंग से हमेशा दर्शकों का दिल जीत लेते हैं. लेकिन उनकी सफलता रातों-रात नहीं मिली. यहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया और जिंदगी में कई मुश्किल दौर भी देखे.
टैक्सी चलाकर और फेरी ऑपरेट कर चलाया घर
राजेश शर्मा का जन्म पंजाब में हुआ था, लेकिन उनका बचपन और पढ़ाई-लिखाई कोलकाता में हुई. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग का शौक था. हालांकि, सपनों को पूरा करने के लिए उन्हें कई छोटे-मोटे काम करने पड़े. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने एक समय टैक्सी भी चलाई और फेरी (नाव सेवा) भी ऑपरेट की, ताकि घर का खर्च चल सके.
इन सबके बीच उन्होंने थिएटर करना नहीं छोड़ा. बाद में उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली. थिएटर में मिली यही सीख आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी.
गुलजार की फिल्म से मिला पहला मौका
राजेश शर्मा ने साल 1996 में मशहूर फिल्ममेकर गुलजार की फिल्म 'माचिस' से बॉलीवुड में कदम रखा. फिल्म को खूब तारीफ मिली, लेकिन इससे उन्हें तुरंत पहचान नहीं मिली. काम कम मिलने लगा और आर्थिक परेशानियां बढ़ गईं. ऐसे में वह वापस कोलकाता लौट गए और बंगाली फिल्मों व टीवी में लगातार काम करते रहे. धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाई और उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली.
राजेश शर्मा ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं. उनकी कुछ चर्चित फिल्में और वेब सीरीज में खोसला का घोसला, द डर्टी पिक्चर, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स, बजरंगी भाईजान, एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी, टॉयलेट: एक प्रेम कथा, पाताल लोक शामिल हैं. हालांकि करियर के शुरुआती दौर में राजेश बीए पास जैसी बी ग्रेड फिल्में भी करनी पड़ी थीं.
भले ही वह फिल्मों में लीड रोल कम निभाते हों, लेकिन उनकी एक्टिंग हमेशा दर्शकों के दिल पर गहरी छाप छोड़ती है.
निजी जिंदगी को रखते हैं लाइमलाइट से दूर
राजेश शर्मा अपनी पर्सनल लाइफ को हमेशा मीडिया से दूर रखते हैं. रिपोर्ट्स कहती हैं कि उनकी पहली शादी बंगाली एक्ट्रेस सुदीप्ता चक्रवर्ती से हुई थी, लेकिन साल 2009 में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद 2011 में उन्होंने संगीता शर्मा से दूसरी शादी की. संगीता भी लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं.
सेहत को लेकर बढ़ी फैंस की चिंता
हाल ही में राजेश शर्मा को लेकर खबरें सामने आईं कि कीड़े के काटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें पश्चिम बंगाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर बताई गई है. इस खबर के सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनके जल्द ठीक होने की दुआ की है.
बताया जा रहा है कि ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी इस मामले की गंभीर जांच की मांग की है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक राजेश शर्मा या उनके परिवार की ओर से उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क