आमिर खान की फिल्म लगान एक ऐसी ऐतिहासिक कहानी थी, जिसे आज भी याद रखा जाता है. क्रिकेट के रोमांच को गांव वालों की इमोशनल कहानी से जोड़कर इसे बड़े पर्दे पर काफी शानदार तरीके से दिखाया गया. साल 2001 में आई ये फिल्म आज अपने 25 साल पूरे करने जा रही है, जो अपने आप में एक बड़ी बात है.
फिल्म लगान को किस तरह से शूट किया गया, इसकी कई सारी कहानियां अभी तक हम सुन चुके हैं. सेट पर किस तरह अनुशासन रखा जाता था और कैसे क्रिकेट के सीन शूट किए जाते थे, इसकी मेकिंग भी हमने देखी है. मगर सेट पर कुछ ऐसा भी होता था, जिससे शायद बहुत कम लोग वाकिफ होंगे.
क्या है लगान का गायत्री मंत्र से कनेक्शन?
लगान फिल्म करीब छह महीने तक शूट होकर तैयार हुई थी. इतने दिनों तक हर रोज फिल्म की कास्ट एक साथ बस में बैठकर होटल से सेट पहुंचती थी. इस जर्नी के दौरान बस में लगातार गायत्री मंत्र भी बजता था, जिसे आमिर खान समेत पूरी कास्ट रोज सुना करते थे. इसकी कहानी लगान में अर्जन का रोल निभा चुके एक्टर अखिलेंद्र मिश्रा ने सुनाई थी.
अमर उजाला संग बातचीत में एक्टर ने बताया था- लगान की शूटिंग के दौरान जो हमारा डेलीरूटीन था, वो बहुत कमाल का होता था. सबसे शानदार बात ये थी कि हम लोग सुबह छह बजे बस में बैठ जाया करते थे. उस बस का नाम एक्टर्स बस था और इसी बस में फिल्म के एक्टर्स शूटिंग लोकेशन तक जाया करते थे. खुद आमिर खान भी इसी बस में साथ बैठकर होटल से शूटिंग लोकेशन पर जाते थे.
'मैंने पहले ही दिन एक काम किया. सुबह सुबह बस के ड्राइवर को गायत्री मंत्र का कैसेट दे दिया था. सुबह लोग बस में आकर बैठ जाते थे और गायत्री मंत्र चल रहा होता था. होटल से शूटिंग तक बस में सिर्फ गायत्री मंत्र ही चलता था. सब बस में तैयार होकर बैठे हैं लेकिन झपकी ले रहे हैं. जब बस शूटिंग लोकेशन पर पहुंच जाती थी तब गायत्री मंत्र बंद होता था और बस से उतर कर लोकेशन पर ही लोग नाश्ता करते थे.'
आमिर से गायत्री मंत्र का क्या मतलब बताया गया?
अखिलेंद्र मिश्रा ने आगे बताया था कि लगान की शूटिंग जनवरी में शुरू होकर जून में खत्म हुई थी. इस तरह फिल्म की शूटिंग छह महीने चली. उनके मुताबिक ठंड के समय जब बस होटल से सुबह छह बजे निकलती थी, तो उस समय पूरा अंधेरा होता था. जनवरी में शूटिंग दौरान उन्होंने ठंड की चरम सीमा भी देखी जब तापमान माइनस डिग्री हो गया. वहीं जून में 48 डिग्री की तपती गर्मी में भी शूटिंग की. अखिलेंद्र मिश्रा कहते हैं कि इस फिल्म की शूटिंग छह महीने चली, लेकिन एक दिन ऐसा नहीं रहा जिस दिन बस में गायत्री मंत्र का कैसेट ना बजा हो.
एक्टर ने आगे ये भी खुलासा किया कि एक बार आमिर खान ने उनसे गायत्री मंत्र का मतलब पूछ लिया था. उन्होंने कहा- एक बार आमिर खान ने पूछा कि इस गायत्री मंत्र का मतलब क्या होता है? मुझे गायत्री मंत्र के बारे में उस समय जितना ज्ञान था वो मैंने उन्हें बताया. ये बड़ी अद्भुत चीज थी और ये सिलसिला छह महीने तक चलता रहा. ऐसा नहीं कि दो चार दिन गायत्री मंत्र का कैसेट बजने के बाद बंद हो गया. कभी-कभी लेट होता था तो लोग आकर बोलते थे कि अरे, आज गायत्री मंत्र नहीं लगा. लोगों को गायत्री मंत्र सुनने की आदत हो गई थी. भुज से चंपानेर जहां शूटिंग चल रही थी वो 29 किलोमीटर दूर था. बार बार गायत्री मंत्र का कैसेट रिपीट होकर बजता रहता था.
बात करें फिल्म लगान की, तो ये 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी, जिसे आशुतोष गोवारिकर ने डायरेक्ट किया था. इसके 25 साल पूरे होने पर मुंबई में आमिर खान ने स्पेशल सेलिब्रेशन का भी आयोजन किया, जहां इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार पहुंचे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क