'नहीं चाहता वो मर जाएं', 15 दिन से भूख हड़ताल पर सोनम वांगचुक, हालत देख तड़पे 3 Idiots के 'चतुर', की अपील

3 Idiots फेम ओमी वैद्य ने इंजीनियर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर चिंता जताई है. उन्होंने भावुक वीडियो शेयर कर लोगों से उनकी आवाज उठाने और इस मुद्दे पर ध्यान देने की अपील की है.

Advertisement
सोनम वांगचुक की बिगड़ी हालत, ओमी वैद्य ने की भावुक अपील (Photo: PTI/Screengrab) सोनम वांगचुक की बिगड़ी हालत, ओमी वैद्य ने की भावुक अपील (Photo: PTI/Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:10 AM IST

बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म '3 Idiots' में 'चतुर रामलिंगम' उर्फ 'साइलेंसर' का यादगार किरदार निभाने वाले ओमी वैद्य ने एक वीडियो शेयर कर लोगों से खास अपील की है. उन्होंने इंजीनियर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर अपनी राय दी. एक्टर ने बताया कि उनकी हालत खराब है वो पिछले 15 दिन से अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर हैं. ओमी ने एक वीडियो शेयर कर अपना दुख जाहिर किया और कहा कि मैं नहीं चाहता वो मर जाएं.

Advertisement

सोनम वांगचुक की हालत देख टूटे ओमी

ओमी वैद्य ने फिल्म के 'फुंसुक वांगड़ू' यानी उस किरदार का जिक्र करते हुए कहा- मैं नहीं चाहता फुंसुक वांगड़ू मर जाए. इसके बाद उन्होंने अपना परिचय देते हुए कहा कि वो 3 इडियट्य के वही 'चतुर' हैं और आज एक जरूरी संदेश देना चाहते हैं. 

ओमी ने बताया कि फिल्म में आमिर खान का फुंसुक वांगड़ू वाला किरदार असल जिंदगी के इंजीनियर, आविष्कारक और शिक्षक सोनम वांगचुक से प्रेरित था. उन्होंने कहा कि उनकी सोनम से मुलाकात हो चुकी है और वो बेहद सादगी पसंद और समाज के लिए काम करने वाले इंसान हैं. ओमी ने लोगों से सोनम वांगचुक की हालत पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि वो लंबे समय से भूख हड़ताल पर हैं, कई हफ्तों से उन्होंने खाना नहीं खाया और उनका ब्लड शुगर लेवल भी काफी गिर गया है. उनके मुताबिक, ये मुद्दा बेहद गंभीर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.

Advertisement

क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं सोनम वांगचुक?

ओमी वैद्य ने बताया कि सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, लद्दाख के लोगों के अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि हर किसी की राय अलग हो सकती है, लेकिन वो इतना जरूर जानते हैं कि एक ऐसे इंसान को मरते हुए नहीं देख सकते जिसने समाज के लिए इतने अच्छे काम किए हैं. 

ओमी ने लोगों से अपील की कि अगर वो उनकी मांगों से सहमत हों तो सोशल मीडिया पर उनकी बात आगे बढ़ाएं, उनके पोस्ट शेयर करें, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों तक ये मुद्दा पहुंचाएं ताकि इस पर बातचीत हो सके.

'थोड़ा वक्त निकालिए, कुछ कीजिए'

वीडियो के आखिर में ओमी वैद्य ने भावुक अंदाज में कहा कि हम अपनी जिंदगी में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि आसपास क्या हो रहा है, उस पर ध्यान नहीं दे पाते. उन्होंने लोगों से अपील की कि थोड़ा समय निकालकर इस मुद्दे को समझें और अगर संभव हो तो अपनी आवाज उठाएं. ओमी ने कहा- उनके ट्वीट रीट्वीट कीजिए, बात कीजिए, सरकार तक अपनी बात पहुंचाइए. इस मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

क्या है सोनम वांगचुक से जुड़ा विवाद?

सोनम वांगचुक पिछले काफी समय से लद्दाख से जुड़े संवैधानिक और पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. उनकी प्रमुख मांगों में लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत सुरक्षा देना, स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी नौकरियों व राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. इन मांगों को लेकर उन्होंने कई बार पदयात्रा और अनशन किया है. उनके आंदोलन और हिरासत में लिए जाने जैसे घटनाक्रमों को लेकर राजनीतिक बहस भी होती रही है. हालांकि सरकार का कहना रहा है कि लद्दाख के विकास और वहां के लोगों के हितों के लिए लगातार काम किया जा रहा है, जबकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »