बेटिकट होने के बाद पप्पू यादव ने खुद को बताया 'अभिमन्यु', कहा- नए महाभारत के चक्रव्यूह में फंसाने की कोशिश

पूर्णिया से टिकट नहीं मिलने के बाद अब पप्पू यादव ने अपनी तुलना महाभारत के अभिमन्यु से की है. 4 अप्रैल को नामांकन में ज्यादा से ज्यादा लोगों के शामिल होने की अपील करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि नई महाभारत में उनके खिलाफ अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह और साजिश रची जा रही है क्योंकि उन्होंने अर्जुन के पथ पर चलने का फैसला लिया है.

Advertisement

aajtak.in

  • पूर्णिया,
  • 02 अप्रैल 2024,
  • अपडेटेड 8:55 AM IST

बिहार का पूर्णिया लोकसभा सीट इस समय राज्य सहित देश में चर्चा का विषय बना हुआ है. पप्पू यादव महागठबंधन से टिकट नहीं मिलने के बाद भी कांग्रेस के सिंबल पर इस सीट से चुनाव लड़ने पर अड़े हुए हैं जबकि लालू की पार्टी ने बीमा भारती को यहां से उम्मीदवार बनाया है. अब पप्पू यादव ने 4 अप्रैल को नामांकन में ज्यादा से ज्यादा लोगों के शामिल होने की अपील करते हुए अपनी तुलना महाभारत के अभिमन्यु से कर दी है और कहा है कि नए महाभारत में भी उनके खिलाफ साजिश और चक्रव्यूह रचा जा रहा है.

Advertisement

पप्पू यादव ने महाभारत के अभिमन्यु से की खुद की तुलना

पप्पू यादव ने कहा, 'महाभारत में अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाया गया था. पुन: एक बार नया महाभारत शुरू हो गया है. आपके बेटे पप्पू को ईश्वर ने अर्जुन के पथ पर चलने के लिए चुना है जिसे एक बड़े चक्रव्यूह में घेरने की साजिश रची गई है. मैं नहीं जानता मेरा क्या कसूर है, मेरा क्या गुनाह है. मैं सिर्फ बेटे की तरह सबकी सेवा करता हूं और न्याय के लिए खड़ा रहता हूं, जहां से सभी रास्ते बंद होते हैं वहीं से गरीब, मजदूर, लाचार आम आवाम के लिए आपके बेटे पप्पू का रास्ता शुरू होता है. अपने बेटे को बचाने के लिए जरूर आशीर्वाद दें.' हालांकि पप्पू यादव ने वीडियो में खुद की तुलना अभिमन्यु से तो जरूर की है लेकिन ये नहीं बताया कि उनके लिए कौरव कौन है.

Advertisement

आरजेडी के खाते में गई पूर्णिया सीट

बता दें कि पूर्णिया सीट से चुनाव लड़ने के लिए पप्पू यादव ने बीते महीने 20 मार्च को दिल्ली में अपनी जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लिया था. कांग्रेस में विलय के बाद वो पार्टी से पूर्णिया सीट पर अपनी उम्मीदवारी का टिकट चाहते थे. हालांकि पूर्णिया सीट को लेकर बिहार में महागठबंधन में शामिल आरजेडी और कांग्रेस के बीच ठन गई थी.

लालू यादव किसी भी कीमत पर पूर्णिया सीट कांग्रेस को नहीं देना चाहते थे. यही वजह है कि सीट शेयरिंग फाइनल होने से पहले ही लालू यादव ने बीमा भारती को बुलाकर पूर्णिया से चुनाव लड़ने के लिए अपनी पार्टी का सिंबल दे दिया था. इसके बाद दिल्ली में सीट शेयरिंग के लिए आरजेडी और कांग्रेस की बीच जो मीटिंग हुई थी उसमें लालू के दबाव के आगे कांग्रेस को झुकना पड़ा और पूर्णिया सीट से उन्हें अपना दावा छोड़ना पड़ा.

4 अप्रैल को नामांकन करेंगे पप्पू यादव

महागठबंधन से बीमा भारती को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद भी पप्पू यादव अब तक कांग्रेस के सिंबल पर ही 4 अप्रैल को पूर्णिया सीट से नामांकन करने का दावा कर रहे हैं. हालांकि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष छोटू सिंह ने कहा है कि उन्हें पप्पू यादव के नामांकन की कोई जानकारी नहीं है. ऐसे में नामांकन के बाद कांग्रेस पार्टी पप्पू यादव पर कार्रवाई भी कर सकती है या फिर उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है.

Advertisement

बड़े भाई की तरह पप्पू यादव: बीमा भारती

वहीं दूसरी तरफ पप्पू यादव की चुनौती को लेकर महागठबंधन की उम्मीदवार बीमा भारती ने आज तक को दिए इंटरव्यू में कहा था कि वो पप्पू यादव को अपना गार्जियन और बड़ा भाई मानती हैं. बीमा भारती ने कहा था कि पप्पू यादव को गठबंधन धर्म के तहत चुनाव जीतने में उनकी मदद करनी चाहिए. बता दें कि पूर्णिया में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण यानी की 26 अप्रैल को वोटिंग होगी जिसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 4 अप्रैल है.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »