17वीं लोकसभा चुनाव के तहत उत्तर प्रदेश की बरेली सीट से केंद्रीय मंत्री भाजपा प्रत्याशी संतोष कुमार गंगवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी गठबंधन प्रत्याशी सपा के भगवत शरण गंगवार को 167282 वोटों से पराजित किया. इस सीट पर सपा, बीजेपी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला.
कब और कितनी हुई वोटिंग
बरेली सीट पर वोटिंग तीसरे चरण में 23 अप्रैल को हुई थी, इस सीट पर 59.34 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. इस सीट पर कुल 1796060 मतदाता हैं, जिसमें से 1065843 मतदाताओं ने अपने वोट डाले हैं.
कौन-कौन हैं प्रमुख उम्मीदवार
सामान्य वर्ग वाली इस सीट पर यूं तो सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संतोष गंगवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनका मुख्य मुकाबला सपा के भगवत शरण गंगवार और कांग्रेस के प्रवीण सिंह ऐरन चुनावी मैदान में हैं. इस सीट पर कुल 16 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.
2014 का चुनाव
2014 के लोकसभा चुनाव में बरेली सीट पर 61.17 फीसदी वोटिंग हुई थी, जिसमें बीजेपी प्रत्याशी संतोष गंगवार को 50.90 फीसदी (5,18,258) वोट मिले थे और और उनके निकटतम सपा प्रत्याशी आयशा इस्लाम को 27.26 फीसदी (2,77,573) मिले थे. इसके अलावा बसपा की उमेश गौतम को महज 10.42 फीसदी (1,06,049) वोट मिले थे. इस सीट पर बीजेपी के संतोष गंगवार ने 2,40,685 मतों से जीत दर्ज की थी.
बरेली सीट का इतिहास
बरेली लोकसभा सीट पर 17वीं बार लोकसभा चुनाव हो रहे हैं, इनमें से 7 बार भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मारी जिसमें से उसने 6 बार लगातार जीत दर्ज की थी. 1952 और 1957 के चुनाव में कांग्रेस को तो 1962 और 1967 के चुनाव में भारतीय जनसंघ को बड़ी जीत मिली. उसके बाद हुए तीन चुनाव में से कांग्रेस दो बार चुनाव जीतने में कामयाब रही.
1989 के चुनाव में बीजेपी की ओर से संतोष कुमार गंगवार ने पहली जीत हासिल की और इसके बाद उन्होंने इसे अपना गढ़ बना लिया. 1989 से लेकर 2004 तक लगातार 6 बार उन्होंने यहां से चुनाव जीता. हालांकि 2009 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन 2014 में एक बार फिर वह बड़े अंतर से जीत कर लौटे और केंद्र में मंत्री बने.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़ लेटर
aajtak.in