उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी जीत की हैट्रिक लगाने के लिए सियासी एक्सरसाइज शुरू कर दी है. योगी कैबिनेट विस्तार के बाद यूपी बीजेपी संगठन की बारी है. सूबे में संगठन की कमान संभाल पंकज चौधरी की टीम का खाका तैयार हो गया है. प्रदेश की कार्यकारिणी से लेकर क्षेत्रीय अध्यक्षों तक कई अहम पदों पर फेरबदल की तैयार कर ली गई है.
पंकज चौधरी की टीम में कई नए और युवा चेहरों को मौका देने की प्लानिंग है जबकि लंबे समय से संगठन में सक्रिय अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय कार्यकारिणी या केंद्रीय जिम्मेदारियों में भेजे जाने की रणनीति है.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ बुधवार को यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की अहम बैठक हुई, जिसमें बीजेपी के संगठन मंत्री बीएल संतोष और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे. यह बैठक यूपी संगठन और मिशन-2027 को लेकर रही है. बीजेपी ने सरकार से लेकर संगठन तक को सियासी धार देना शुरू कर दिया है ताकि सत्ता की हैट्रिक लगाई जा सके?
यूपी बीजेपी संगठन का जल्द होगा ऐलान
उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष की कमान पंकज चौधरी को मिले हुए छह महीने गुजर गए हैं, लेकिन अभी तक अपनी टीम का ऐलान नहीं किया है. बीजेपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर लंबे समय से मंथन चल रहा है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के बीच कई दौर की बैठकों में संगठनात्मक ढांचे को लेकर चर्चा हुई. इसके अलावा कोर कमेटी की बैठकों में राय-मशविरा किया जा चुका है.
लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कई दौर की बैठक के बाद प्रदेश की नई कार्यकारिणी का खाका लगभग तैयार कर लिया गया है. केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी के लिए बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, पंकज चौधरी, बीएल संतोष और धर्मपाल के बीच बुधवार को दो घंटे तक बैठक चली. इस बैठक में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर चर्चा हुई.
बीजेपी शीर्ष नेतृत्व की यूपी संगठन को लेकर 22 मई को फिर से बैठक होनी है. सूत्रों की माने तो बुधवार को हुई बैठक में नई टीम के नामों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को सौंप दी गई , जिस पर 22 मई मंथन किया जाएगा. बीजेपी नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया जाएगा.
टीम पंकज चौधरी में किसे मिलेगी जगह
उत्तर प्रदेश चुनाव में बीजेपी नई टीम और नई ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है. राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य नेताओं की मौजूदगी में हुए मंथन में इस पर विशेष चर्चा हुई. यूपी पंकज चौधरी की टीम जगह दिए जाने वाले चेहरों पर विचार की बात कही जा रही है.
माना जा रहा है कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को जिला से लेकर प्रदेश के अहम पदों पर बैठाया जा सकता है. नितिन नवीन की टीम में यूपी के कुछ नेताओं को जगह मिल सकती है. इस कारण प्रदेश स्तर पर भी जगह खाली होने की उम्मीद की जा रही है. योगी सरकार में 6 नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद संगठन में बदलाव कर बीजेपी पूरी मजबूती और समीकरणों को साधकर चुनावी मैदान में उतरने की योजना बना रही है.
बीजेपी सूत्रों की माने तो पार्टी इस बार संगठन में नई ऊर्जा और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहती है. बीजेपी ऐसे कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी देने की योजना बनाई है, जो लंबे समय से संगठन में सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं. वहीं कई अनुभवी पदाधिकारियों की भूमिका बदली जा सकती है. भाजपा आगामी चुनावी रणनीति को देखते हुए संगठन में संतुलन और ताजगी लाने पर जोर दे रही है.
जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने का प्लान
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम पूरी तरह 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से जो बनाई जाएगी, उसमें जातीय संतुलन को भी देखा जाएगा. इसके साथ क्षेत्रीय संतुलन को भी ध्यान रखे जाने की बात कही जा रही है. प्रदेश कार्यकारिणी में जातिगत पैमाने के साथ-साथ सांगठनिक अनुभव को अहमियत देने की भी योजना बनाई रही है.
सूत्रों का दावा कि नई राज्य इकाई में दलित और ओबीसी जाति को खास अहमियत देने की है. इसके अलावा संगठन में पश्चिमी यूपी से पूर्वांचल तक को रखने की रणनीति है. खासकर उन जाति के लोगों को संगठन में तरजीह देने की है, 2024 में जिस जाति का वोट खिसका है.
मंत्रिमंडल में जिन जाति को तवज्जे नहीं मिली है, उन्हें संगठन में अहमियत देने की है. यूपी बीजेपी की नई टीम में महिलाओं को पर्याप्त भागीदारी देने की रणनीति है. हाल के समय में बीजेपी ने आधी आबादी को लेकर रणनीति साफ की है. ऐसे में उन्हें प्रतिनिधित्व देकर साथ खड़े होने का भरोसा देने को स्पष्ट किया जाएगा.
कुबूल अहमद