तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर पारिवारिक युद्ध छिड़ गया है. AIADMK नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ई के पलानीस्वामी (EPS) ने मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन पर अब तक का सबसे निजी और तीखा हमला बोला है. उन्होंने दावा किया है कि स्टालिन ने अपने ही पिता और दक्षिण भारत के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि को उनके आखिरी दिनों में कैदी बनाकर रखा गया था. चौंकाने वाली बात यह है कि EPS ने यह आरोप खुद से नहीं लगाए, बल्कि स्टालिन के अपने भाई अलागिरि और करीबी नेता ए. राजा के पुराने बयानों के हवाले से सरकार को घेरा है.
एक जनसभा में गरजते हुए पलानीस्वामी ने पुरानी यादें ताजा कीं और कहा कि जब करुणानिधि की तबीयत खराब हो रही थी, तब ए. राजा का एक ऑडियो मैसेज खूब चर्चा में था. उस ऑडियो का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि स्टालिन ने अपने ही पिता को हाउस अरेस्ट यानी घर में ही नजरबंद कर लिया था. EPS ने बेहद भावुक अंदाज में सवाल उठाया कि क्या अपने सगे पिता को जेल में रखना कहीं से भी जायज है? उन्होंने स्टालिन को सीधे घेरा और कहा कि जिस पिता ने आपको विधायक से लेकर मंत्री, डिप्टी सीएम और पार्टी का वर्किंग प्रेसिडेंट तक बनाया, उसी पिता को आपने उनके आखिरी समय में घर के अंदर ही कैद कर दिया.
अलागिरि के उस बयान ने फिर मचाई खलबली
विवाद सिर्फ ए. राजा के ऑडियो तक ही सीमित नहीं है. पलानीस्वामी ने करुणानिधि के बड़े बेटे अलागिरि के एक पुराने बयान को हथियार बनाया है. उन्होंने याद दिलाया कि अलागिरि ने खुद अंग्रेजी में कहा था, My father is being held a prisoner यानी मेरे पिता को एक कैदी की तरह रखा जा रहा है. EPS ने तंज कसते हुए कहा कि जब उनका सगा बेटा यह बात कह रहा है, तो इसमें कोई शक नहीं रह जाता कि यह सच है.
पलानीस्वामी ने सीधे स्टालिन को चुनौती देते हुए कहा कि अगर ए. राजा और अलागिरि की बातें सच साबित हो गईं, तो आज स्टालिन जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह उनके हाथ से निकल जाएगी. उन्होंने कहा कि आज पूरा देश करुणानिधि की तारीफ करता है, लेकिन उनके अपने परिवार के अंदर क्या चल रहा था, यह अब सबके सामने आ गया है.
अपूर्वा जयचंद्रन