उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. जनगणना को देखते हुए कयास इस बात के भी लगाए जा रहे हैं कि यूपी में विधानसभा चुनाव के समय से पहले हो सकते हैं. योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली यूपी सरकार अभी से ही चुनावी मोड में आ गई है. अब सरकार का नेतृत्व कर रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता भी नेतृत्व के मुद्दे पर मुखर हो गए हैं.
बीजेपी के बड़े ब्राह्मण चेहरों ने स्पष्ट लहजे में कह दिया है कि यूपी चुनाव में चेहरा सीएम योगी आदित्यनाथ ही होंगे. सीएम योगी की अगुवाई में ही पार्टी विधानसभा चुनाव की रणभूमि में उतरेगी. आजतक के सहयोगी यूपी तक की ओर से कानपुर में आयोजित यूपी तक कॉन्क्लेव में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत यूपी बीजेपी के दो बड़े ब्राह्मण चेहरों ने यह साफ कहा कि बीजेपी सीएम योगी के नेतृत्व में ही यूपी का चुनाव लड़ेगी.
यूपी सरकार के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही हम चुनाव में जाएंगे और वही हमारा चेहरा होंगे. यही बात नए-नए मंत्री बने मनोज पांडे ने भी कही. रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक मनोज पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शानदार काम हो रहा है, उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश बन रहा है.
उन्होंने कहा कि इन सभी कारणों के साथ ही एक कारक सशक्त नेतृत्व भी है. मनोज पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर चुनाव होगा. हम उनके (सीएम योगी के) नेतृत्व में चुनाव में जाएंगे. इन दोनों ब्राह्मण नेताओं के साथ ही यूपी बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और बीजेपी का कुर्मी चेहरा स्वतंत्र देव सिंह ने भी स्पष्ट कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है.
यह भी पढ़ें: यूपी में बसेंगे तीन और शहर, जानिए क्या है सीएम योगी का नया प्लान
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले ही इस बात का ऐलान कर चुके हैं कि यूपी चुनाव योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में ही लड़ा जाएगा. फिर अब सवाल कहां रह जाता है. हालांकि, कानपुर में आम ब्राह्मणों का बयान बीजेपी के खिलाफ नजर आता है. नाराजगी यूजीसी बिल को लेकर भी दिखाई देती है. कानपुर में कई आम ब्राह्मणों का कहना था कि इस बार हम विकल्प की तलाश में हैं, क्योंकि यूजीसी जैसे मुद्दों ने हमें तकलीफ दी है.
यह भी पढ़ें: यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए बस किराए में मिलेगी छूट, सीएम योगी ने दिया आदेश
दूसरी तरफ, बृजेश पाठक हों या फिर मनोज पांडे, दोनों ही नेताओं ने कहा कि ब्राह्मण बिरादरी सनातन की वाहक है. ब्राह्मण को अपने लिए कुछ नहीं चाहिए और इस सरकार ने सनातन के लिए सब कुछ किया है. इसलिए अगर किसी पार्टी को गलतफहमी है, तो वह रह सकती है. ब्राह्मण हमारे साथ ही रहेंगे.
कुमार अभिषेक