पंजाब में सरकारी इमारतों और प्राइवेट स्कूलों को धमकी मिलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही. हाल ही में बीएसएफ चौक के पास एक्टिवा में IED ब्लास्ट हुआ है. जिसके बाद पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है. लेकिन इस घटना के 2 दिन बीतने के बाद अब प्राइवेट स्कूल को धमकी मिली है. मिली जानकारी के अनुसार एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इस घटना को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया.
उक्त धमकी ई-मेल के जरिए बीएमसी चौक स्थित स्कूल को मिली है, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत एहतियातन बड़ा कदम उठाते हुए सभी छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया. धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं. हालांकि अभी तक पुलिस जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है.
गौरतलब है कि आज इसी स्कूल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करने वाले थे. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के कारण सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही मुस्तैद थीं, लेकिन कार्यक्रम से ठीक पहले आए इस धमकी भरे ई-मेल ने सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ई-मेल के आईपी एड्रेस (IP Address) को ट्रेस किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमें पूरे परिसर की सघन तलाशी ले रही हैं. पिछले कुछ महीनों में अमृतसर और चंडीगढ़ के स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसे देखते हुए अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखी जा रही है.
आजतक एजुकेशन डेस्क