फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा भारत की एक और बड़ी कंपनी क्रेड में निवेश करने के लिए तैयार है. माना जा रहा है कि मेटा करीब 8,500 करोड़ रुपये का निवेश करने वाली है. दोनों कंपनियों ने मिलकर जानकारी दी है. इस डील के तहत क्रेड कंपनी के मालिक कुणाल शाह को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है. वह पूरी दुनिया में व्हाट्सएप के सबसे बड़े बॉस यानी ग्लोबल सीईओ बनने वाले हैं. ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर कौन हैं व्हाट्सएप के नए बॉस? उन्होंने कहां से पढ़ाई की है या उन्हें कितनी सैलरी मिलती है.
कितने पढ़े-लिखे है कुणाल शाह?
आमतौर पर अगर कोई भारतीय किसी बड़ी कंपनी का प्रमुख बनता है तो, उसके पास IIT या IIM जैसे संस्थानों की डिग्री होती है या फिर इंजीनियरिंग की डिग्री होती है. लेकिन कुणाल शाह के साथ ऐसा नहीं है. अहमदाबाद के जन्में कुणाल ने मुंबई के विल्सन कॉलेज से फिलॉसफी में BA की डिग्री हासिल की है. इसके बाद उन्होंने SVKM के नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में MBA की पढ़ाई शुरू की लेकिन पूरी नहीं की.
स्टार्टअप के दुनिया में कमाया नाम
कुणाल भारत के सबसे प्रमुख स्टार्टअप निवेशकों में से एक है. पिछले कुछ सालों में वह स्टार्टअप की दुनिया के जाने माने व्यक्ति बन गए हैं. उन्हें एंटरप्रेन्योरशिप में बड़ी सफलता 2010 में मिली, जब उन्होंने संदीप टंडन के साथ मिलकर फ्रीचार्ज (FreeCharge) की शुरुआत की. यह प्लेटफॉर्म यूजर्स को मोबाइल रिचार्ज करने और यूटिलिटी बिल भरने के साथ-साथ रिवॉर्ड्स कमाने की सुविधा देता था. जैसे-जैसे भारत में मोबाइल फोन का इस्तेमाल बढ़ा और डिजिटल पेमेंट ने रफ्तार पकड़ी, FreeCharge देश के सबसे जाने-माने इंटरनेट ब्रांड्स में से एक बन गया. वहीं, साल 2015 में ई-कॉमर्स कंपनी स्नैपडील ने लगभग $400 मिलियन की डील में फ्रीचार्ज को खरीद लिया.
फ्रीचार्ज के बाद CRED की शुरुआत
फ्रीचार्ज से बाहर निकलने के बाद कुणाल ने कई सालों तक एंजेल इन्वेस्टर के तौर पर काम किया और दर्जनों टेक्नोलॉजी स्टार्टअप्स को सपोर्ट किया. इसके बाद साल 2018 में उन्होंने CRED की शुरुआत की. यह प्लेटफॉर्म शुरू में क्रेडिट कार्ड बिल समय पर भरने वाले यूजर्स को रिवॉर्ड देने के लिए डिजाइन किया गया था.
यहां भी किया है काम
कुणाल की Linkedln प्रोफाइल से मालूम चलता है कि उन्होंने साल 2016 से 2017 तक इंटरनेट और एडं मोबाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन के रूप में भी काम किया है और 2017 में सेक्यूओरियो कैपिटल के सलाहकार रहे हैं.
कितनी होगी उनकी सैलरी?
कुणाल शाह की सैलरी कितनी होगी अभी तक इसके लिए कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है. हालांकि, उनकी संपत्ति की बात करें, तो करीब 15000 करोड़ रुपये है.
आजतक एजुकेशन डेस्क