उत्तर प्रदेश की राजनीति और रोजगार के मोर्चे से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा के गौरा विधानसभा क्षेत्र के तेजपुर गांव में 520 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए राज्य के युवाओं और गरीब परिवारों के लिए दो बड़े और ऐतिहासिक ऐलान किए हैं.
चुनावी अंदाज में गर्जते हुए सीएम योगी ने न सिर्फ युवाओं और महिलाओं को साधने की कोशिश की, बल्कि विपक्ष (खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस) पर तीखे जुबानी हमले भी किए. आइए जानते हैं गोंडा में सीएम योगी के संबोधन की सबसे बड़ी और अहम बातें...
अग्निवीरों को 20% कोटा, बिना परीक्षा मिलेगी सरकारी नौकरी
रोजगार और देश सेवा से लौटे युवाओं के हित में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अपनी चार साल की सेवा पूरी करके वापस आने वाले अग्निवीरों को यूपी सरकार के विभिन्न विभागों में 20% आरक्षण दिया जाएगा. सबसे बड़ी बात यह है कि इन अग्निवीरों को बिना किसी लिखित परीक्षा (Without Exam) के सीधी भर्ती के तहत नौकरियां दी जाएंगी.
दिवाली से पहले मुफ्त भरा हुआ LPG सिलेंडर
त्योहारों के इस मौसम में गरीबों और जरूरतमंदों को राहत देते हुए सीएम योगी ने ऐलान किया कि हर गरीब परिवार को रसोई गैस का कनेक्शन दिया जाएगा. इसके साथ ही, इस बार दीपावली के त्योहार से ठीक पहले एक भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर पूरी तरह से मुफ्त दिया जाएगा.
'सुरक्षा में सेंध लगाई तो तय है जेल या जहन्नुम'
कानून-व्यवस्था पर अपने कड़े रुख को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने माफियाओं और दंगाइयों को सीधी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अब यूपी दंगा और कर्फ्यू से पूरी तरह मुक्त है. अगर किसी ने बहन-बेटियों या व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया, तो उसका अंजाम तय है या तो जेल या फिर जहन्नुम!
उन्होंने याद दिलाया कि माफियाओं को राज्य में मिट्टी में मिलाया जा चुका है और दंगा करने वालों की पीढ़ियां अब इस सबक को याद रखेंगी.
'वे बदमाश लाते हैंं, हम बदलाव लाते हैं'
समाजवादी पार्टी के शासनकाल को 'श्राप' करार देते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब तत्कालीन सपा सरकार ने रामभक्तों पर गोलियां चलाकर उन्हें लहूलुहान किया था, जबकि हमारी सरकार ने रामभक्तों पर पुष्प वर्षा करके भव्य राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त किया.
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार के बुजुर्गों से पूछें कि सपा के समय कैसे पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव और कर्फ्यू शुरू हो जाते थे, दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी. सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस का मतलब अपराध और बदमाशों को बढ़ावा देना है, जबकि बीजेपी आपकी आस्था को सम्मान और जीवन में बदलाव लेकर आती है.
आने वाले दिनों में बंपर भर्तियों का ऐलान
रोजगार के आंकड़ों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है. उन्होंने घोषणा की कि इसी सप्ताह 4,500 सब-इंस्पेक्टर (SI) को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. दीपावली के तुरंत बाद 35,000 पुलिस कांस्टेबल और 42,000 होमगार्ड्स को जॉइनिंग लेटर मिलेंगे.
इसके बाद शिक्षकों और अधीनस्थ सेवा के 25 से 30 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके अलावा, राज्य में अब पराली और गाय के गोबर के भी दाम मिलेंगे, क्योंकि बायोगैस और इथेनॉल उत्पादन को हर जिले में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है.
अंचल श्रीवास्तव