CA इंटर टॉपर साक्षी की AI ने की कॉन्सेप्ट समझने में मदद, 12-12 घंटे पढ़कर ऐसे पाई ऑल इंड‍िया रैंक-1

महीनों की कड़ी मेहनत, सुबह 5 बजे से शुरू होने वाला दिन और लगातार 12-14 घंटे की पढ़ाई, इसी लगन के दम पर नासिक की साक्षी चांडक ने CA इंटरमीडिएट सितंबर 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल की है. 600 में से 502 मार्क्स लाने वाली साक्षी ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपनी फैमिली, कठिन परिश्रम और पढ़ाई में AI के सही इस्तेमाल को दिया है.

Advertisement
कॉन्सेप्ट्स क्लियर करने में कैसे सीए टॉपर का मददगार बना AI? कॉन्सेप्ट्स क्लियर करने में कैसे सीए टॉपर का मददगार बना AI?

आजतक एजुकेशन डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:52 PM IST

ऑल इंडिया रैंक 1 (AIR 1) हासिल करने वाली नासिक की साक्षी चांडक के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा जारी CA इंटरमीडिएट सितंबर 2026 का रिजल्ट महीनों की कड़ी मेहनत, सुबह जल्दी उठने की आदत और पढ़ाई के लंबे सेशंस की शानदार जीत बनकर सामने आया है. हालांकि, अपनी इस बड़ी उपलब्धि का श्रेय साक्षी अकेले खुद को नहीं देतीं. पढ़ाई में हमेशा से अव्वल रहने वाली साक्षी अपनी सफलता का सबसे बड़ा आधार अपने परिवार को मानती हैं, जिन्होंने उन्हें हर कदम पर सपोर्ट किया.

Advertisement

साक्षी कहती हैं, 'यह सफलता मेरी कम और मेरे माता-पिता की ज्यादा है, जिन्होंने मेरी पूरी जर्नी में मेरा साथ दिया.'

22 अक्टूबर को ICAI द्वारा घोषित CA इंटरमीडिएट सितंबर 2026 के नतीजों में नासिक की साक्षी चांडक ने मुंबई के नील राजेश शाह के साथ संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक (AIR 1) हासिल की है. दोनों ही टॉपर्स ने 600 में से 502 अंक (83.67%) हासिल किए हैं.

स्कूल टॉपर से CA इंटर AIR 1 बनने तक का सफर

शैक्षणिक सफलता साक्षी के लिए नई नहीं है. उन्होंने सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में 97.4% अंक हासिल कर अपने तालुका में दूसरा स्थान और स्कूल में टॉप किया था. इसके बाद महाराष्ट्र बोर्ड से 12वीं की परीक्षा में 94.33% अंक लाकर वे पूरे नासिक में चौथे स्थान पर रही थीं.

मूल रूप से नासिक के इगतपुरी की रहने वाली साक्षी फिलहाल पुणे यूनिवर्सिटी से बीकॉम की पढ़ाई के साथ-साथ सीए की तैयारी कर रही हैं. वे खुद को अनुशासित, मेहनती और एनालिटिकल मानती हैं. साक्षी का कहना है, 'मैं जो भी काम करती हूं, उसमें अपना 100% देना पसंद करती हूं.' 

Advertisement

फाइनेंस, मैथमेटिक्स और टैक्सेशन में उनकी गहरी रुचि है. पढ़ाई से हटकर बात करें तो उन्हें स्केचिंग करना, सुडोकू पहेलियां सुलझाना और कुदरत के बीच घूमना पसंद है.

क्यों चुना चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA)?

साक्षी ने जुलाई 2025 में सीए इंटरमीडिएट की तैयारी शुरू की थी. उनके सीए चुनने की मुख्य वजह इस फील्ड में मिलने वाले करियर के शानदार मौके थे.

वे बताती हैं, '10वीं के बाद मेरे पास जिंदगी को लेकर फैसला लेने का उतना अनुभव नहीं था. इसलिए मैंने सीए को चुना, क्योंकि यह करियर के कई विविध विकल्प देता है.' इसके अलावा, इस पेशे की गंभीरता और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सादगी व धैर्य ने भी उन्हें काफी प्रभावित किया.

12 घंटे की पढ़ाई, एग्जाम पास आते ही 14 घंटे का शेड्यूल

साक्षी की तैयारी का रूटीन सुबह तड़के से शुरू हो जाता था. वे बताती हैं, 'मैं सुबह जल्दी उठने वालों में से हूं. मैं सुबह 5 बजे उठ जाती थी और रात को करीब 10:30 बजे सोती थी. मेरे स्टडी सेशंस के बीच में ब्रेकफास्ट, लंच, डिनर और फ्रेश होने के लिए छोटे-छोटे ब्रेक्स तय रहते थे.' 

साक्षी रोजाना औसतन 12 घंटे पढ़ाई करती थीं, जो परीक्षा की तारीख नजदीक आने पर बढ़कर 14 घंटे तक पहुंच जाती थी. हर सब्जेक्ट के लिए उनकी रणनीति अलग थी. स्ट्रैटेजिक मैनेजमेंट (SM) थोड़ा कठिन लगने की वजह से वे इसका बार-बार रिवीजन करती थीं. ऑडिट के लिए उन्होंने 4 चरणों में रिवीजन किया, जबकि टैक्स (Tax) के लिए शुरुआत से ही काफी प्रैक्टिस की.

Advertisement

तैयारी के दौरान स्ट्रेस और खुद पर डाउट होना भी एक बड़ा चैलेंज था. साक्षी बताती हैं कि परीक्षा से ठीक पहले लीव का समय सबसे ज्यादा तनावपूर्ण था, लेकिन लगातार तैयारी, अपनी मेहनत पर भरोसा और परिवार व टीचर्स के सपोर्ट से उन्होंने मानसिक मजबूती बनाए रखी.

कन्सेप्ट्स क्लियर करने में कैसे मददगार बना AI?

कोचिंग, रिवीजन और प्रैक्टिस के अलावा साक्षी ने अपनी पढ़ाई में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भी बखूबी इस्तेमाल किया. जटिल कॉन्सेप्ट्स को गहराई से समझने और केस लॉ को स्पष्ट करने के लिए वे एआई टूल्स की मदद लेती थीं. जब उन्होंने फाइनली रिजल्ट देखा और उन्हें पता चला कि उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

साक्षी कहती हैं, 'AIR 1 हासिल करने की फीलिंग को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. मैं खुशी और आभार से भरी हुई थी. ऐसा लगा जैसे मेरी रात-दिन की मेहनत और बिना सोए बिताई गई रातें आखिरकार रंग ले आई हैं.' 

बता दें कि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने 22 अक्टूबर 2026 को CA इंटरमीडिएट सितंबर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. उम्मीदवार अपना स्कोरकार्ड आधिकारिक वेबसाइट caresults.icai.org पर रजिस्ट्रेशन नंबर और रोल नंबर दर्ज कर चेक कर सकते हैं.

Advertisement

इस साल कुल 14,818 उम्मीदवारों ने परीक्षा पास की है. ग्रुप 1 का पास प्रतिशत 23.14% और ग्रुप 2 का 18.92% रहा, जबकि दोनों ग्रुप में एक साथ शामिल होने वाले 13.21% छात्र सफल रहे.

टॉपर्स की सूची

मुंबई के नील राजेश शाह और नासिक की साक्षी चांडक ने संयुक्त रूप से ऑल इंडिया रैंक (AIR 1) हासिल की है. दोनों ने 600 में से 502 अंक (83.67%) प्राप्त किए. चेन्नई की श्रुति वी 492 अंकों (82%) के साथ दूसरे और सूरत के प्रेम अग्रवाल 490 अंकों (81.67%) के साथ तीसरे स्थान पर रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »