दिल्ली के सरकारी हॉस्पिटल में नौकरी लेना अब आसान हो गया है. नरेला स्थित सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र हॉस्पिटल ने अपने 6 विभागों के लिए सीधे वॉक इन इंटरव्यू आयोजन किया है. इसके लिए आपको किसी तरह की कोई परीक्षा नहीं देनी होगी. केवल डॉक्यूमेंट के आधार पर इंटरव्यू लिया जाएगा. चयनित उम्मीदवारों को 2 लाख तक की सैलरी मिल सकती है. तो चलिए इससे जुड़ी सारी डिटेल जान लेते हैं.
किन-किन पदों पर होगी भर्ती?
बता दें कि सत्यवादी राजा हरिशचंद्र हॉस्पिटल को एनेस्थेसिया, रेडियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, ओब्स एंड गायनी, सर्जरी और पैथोलॉजी इन 6 विभागों के लिए सीनियर रेजिडेंट की तलाश हैं. इसे लेकर विज्ञापन health.delhi.gov.in पर जारी किया गया है. इसके लिए उम्मीदवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक इंटरव्यू देने के लिए जा सकते हैं. यह प्रक्रिया केवल तभी तक चलेगी जब तक कि सभी वैकेंसी भर नहीं जाती है.
https://health.delhi.gov.in/sites/default/files/Health/circulars-orders/wsrhc_32.pdf
क्या होनी चाहिए योग्यता?
इन पदों पर उम्मीदवारों को एमबीबीएस दिल्ली मेडिकल काउंसिल से मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/डिप्लोमा हासिल किया हो. लेकिन अगर पीजी कैंडिडेट्स पद के लिए नहीं मिलते हैं, तो फिर एमबीबीएस उम्मीदवारों को जिन्हें दो साल का अनुभव हो जिसमें से एक साल संबंधित डिपार्टमेंट में काम किया हो, उन्हें चुना जाएगा. इंटरव्यू की तारीख तक उम्मीदवार की उम्र 45 साल की होनी चाहिए. साथ ही कैंडिडेट्स के पास दिल्ली मेडिकल काउंसिल में वैलिड रजिस्ट्रेशन होना चाहिए.
2 लाख तक मिल सकती है सैलरी
इंटरव्यू में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति से पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इस दौरान उनकी आयु, पते का प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र, DMC रजिस्ट्रेशन और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नियुक्ति का ऑफर लेटर जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को 7 दिनों के अंदर जॉइन करना अनिवार्य होगा. तय समय में जॉइन नहीं करने पर उनका ऑफर अपने आप रद्द हो जाएगा.
इस भर्ती में सीनियर रेजिडेंट के पद पर नियुक्त होने वाले उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स के लेवल-11 के तहत 67,700 रुपये से 2,08,700 रुपये प्रतिमाह तक की सैलरी मिलेगी. इसके अतिरिक्त, नियमानुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी.
आजतक एजुकेशन डेस्क