उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने बुधवार 11 मार्च को एक गोला-बारूद कारखाना का दौरा किया है. सरकारी मीडिया केआरटी द्वारा जारी फुटेज में किम अपनी बेटी जू ऐ के साथ हथियारों का परीक्षण करते नजर आए. किम जोंग ने फैक्ट्री में हैंडगन से दनादन गोलियां दागकर अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया.
उन्होंने सेना की लड़ाकू दक्षता बढ़ाने के लिए प्रोडक्शन प्रोसेस के आधुनिकीकरण और फैक्ट्री की क्षमता विस्तार पर जोर दिया है.
इस दौरान किम और उनकी बेटी ब्लैक लेदर जैकेट में दिखाई दिए. जू ऐ ने भी सैन्य अधिकारियों के साथ शूटिंग ड्रिल में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया.
हथियारों के आधुनिकीकरण पर जोर
विजिट के दौरान किम जोंग उन ने हथियारों के निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री सेना की युद्ध क्षमता को बढ़ाने में बहुत जरूरी भूमिका निभा रही है. किम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दूरदर्शी सोच के साथ कारखाने की उत्पादन क्षमता को बढ़ाएं. किम लगातार अपनी सैन्य ताकत दिखाने की कोशिश करते रहते हैं.
यह भी पढ़ें: 5000 टन का विध्वंसक युद्धपोत और क्रूज मिसाइलों का परीक्षण... किम जोंग उन का शक्ति प्रदर्शन
बेटी जू ऐ का सैन्य अंदाज
किम जोंग उन की बेटी जू ऐ हाल के दिनों में अक्सर उनके साथ सैन्य दौरों पर नजर आती हैं. इस बार गोला-बारूद कारखाने में भी वह अपने पिता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलती दिखीं. तस्वीरों में जू ऐ को सैन्य अधिकारियों के साथ हैंडगन से फायरिंग करते हुए दिखाया गया है. इससे पहले किम को एक नए विध्वंसक जहाज पर मिसाइल परीक्षण का नेतृत्व करते हुए भी देखा गया था.
aajtak.in