गुजरात के अमरेली जिले में एक गांव के दलित सरपंच की सवर्ण समुदाय के तीन दबंग लोगों ने हत्या कर दी. हत्या की वजह चुनावी रंजिश बताई जा रही है. आरोपी मृतक के इस पद पर चुने जाने से खफा थे. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
अमरेली के पुलिस अधीक्षक (एससी-एसटी प्रकोष्ठ) राजेश परमार ने बताया कि अमरेली में वर्सादा गांव के 25 वर्षीय जयसुख मदहद पर तीन लोगों ने बीती रात हमला कर दिया. इन लोगों ने पिछले साल सरपंच को उनके खिलाफ चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दी थी.
पुलिस अधीक्षक परमार ने बताया कि बीती रात मदहद को आरोपियों ने घर के पास बुलाया और उसके बाद तीनों ने लोहे की छड़ और नुकीले हथियार से उस पर हमला बोल दिया. हमले में बुरी तरह घायल हुए पीड़ित को अमरेली के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी हो गई.
एसपी के मुताबिक अमरेली (तालुका) थाने में आज तीन लोगों के खिलाफ इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों में से दो सगे भाई हैं. इन तीनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 (हत्या) और एससी और एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. मृतक सरपंच का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस घटना से गांव में तनाव के हालत हैं. जहां पुलिस बल तैनात किया गया है.
परवेज़ सागर / BHASHA