पत्नी की साजिश, ससुर की करतूत और इंजीनियर का मर्डर... 6 महीने में खुला सनसनीखेज कत्ल का राज

आगरा में इंजीनियर यतेंद्र पाल सिंह की रहस्यमयी मौत का 6 महीने बाद खुलासा हुआ. पत्नी के बर्थडे पर ससुराल में पार्टी के दौरान ड्रिंक में सल्फास मिलाकर हत्या किए जाने का आरोप सामने आया. विसरा रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदल दी. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
इस हत्याकांड ने सबको हैरान कर दिया है (फोटो-ITG) इस हत्याकांड ने सबको हैरान कर दिया है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • आगरा,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:53 PM IST

आगरा का रहने वाला यतेंद्र अपनी बीवी के बर्थडे में ससुराल पहुंचा. जहां शानदार पार्टी हुई. सब कुछ अच्छा था. लेकिन आधी रात गुजरते-गुजरते यतेंद्र की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई. पुलिस ने जांच तो की, लेकिन पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हुई. धीरे-धीरे उसकी मौत को छह महीने गुजर गए. फिर एक दिन फॉरेंसिक साइंस लैब से यतेंद्र के विसरा की जांच रिपोर्ट आई और पूरी कहानी पलट गई.

Advertisement

कई बार तकदीर ऐसे करवट बदलती है कि इंसान को समझ ही नहीं आता कि उसके साथ क्या हो गया? ऐसी ही कहानी है इंजीनियर यतेंद्र पाल सिंह और उनकी पत्नी की. वो 14 नवंबर 2025 का दिन था. मौका था यतेंद्र की पत्नी ज्योति उर्फ तनु के बर्थ डे का. उसी बर्थ डे के मौके पर दोनों पति-पत्नी खुशी-खुशी केक काट कर रहे थे. तनु केक काटती है और पहला निवाला अपने पति यतेंद्र को खिलाती है. कुल मिलाकर यतेंद्र के ससुराल से सामने आई उन तस्वीरों में सब कुछ खुशगवार नजर आ रहा था.

पार्टी खत्म हुई. सब लोग सोने चले गए. बर्थडे पार्टी के बाद आधी रात को एकाएक यतेंद्र की तबीयत कुछ ऐसे बिगड़ी कि फिर उसे संभलने का मौका ही नहीं मिला. रात के करीब तीन बजे ससुरालवालों ने यतेंद्र की तबीयत खराब होने की खबर उसके घर वालों को दी. आनन-फानन में यतेंद्र को उठा कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही यतेंद्र की मौत हो गई. अब एक शख्स जो चंद घंटे पहले तक बिल्कुल भला-चंगा हो, पार्टी कर रहा हो, एकाएक उसे ऐसा क्या हो गया कि उसकी जान ही चली गई?

Advertisement

ये सनसनीखेज कहानी है आगरा शहर की. उसी आगरा की, जहां मोहब्बत की बेमिसाल निशानी ताजमहल मौजूद है. उस दिन तो यतेंद्र के ससुराल वालों से लेकर उसके घर वालों तक किसी को ये बात समझ ही नहीं आती कि आखिर हुआ क्या? पुलिस यतेंद्र का पोस्टमार्टम करवाती है, लेकिन पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं होने पर कोई असरदार कार्रवाई नहीं करती. 

उधर, लेकिन यतेंद्र की मां मंजू रानी को अपने बेटे की मौत में साजिश नजर आती है और वो कोर्ट का दरवाजा खटखटाती है. इसके बाद कोर्ट के आदेश पर ही इस सिलसिले में आगरा के कमला नगर थाने में एफआईआर दर्ज होती है. लेकिन इसके बाद जब यतेंद्र की विसरा रिपोर्ट सामने आती है, तो केस बिल्कुल सिर के बल पलट जाता है. दरअसल, विसरा रिपोर्ट में यतेंद्र के शरीर में मौत से पहले जहर होने की पुष्टि हो जाती है. 

अब इस मामले में शक की सुई उसके ससुराल वालों की तरफ मुड़ जाती है. तफ्तीश आगे बढ़ती है तो पता चलता है कि बेटी के बर्थडे की रात यतेंद्र के ससुर ने ही अपने दामाद के ड्रिंक में सल्फास मिला दिया था, जिससे यतेंद्र की मौत हो गई. असल में यतेंद्र का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था. इसके बावजूद वो रिश्तों को संभालने की कोशिश कर रहा था. लेकिन पत्नी की बर्थडे की रात उसकी फिर से पत्नी के साथ लड़ाई हुई और इसका अंजाम उसके कत्ल की सूरत में सामने आया. जिसका खुलासा पूरे 6 महीने बाद हुआ.

Advertisement

(आगरा से नितिन उपाध्याय का इनपुट)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement