प्रेमी को पाने के लिए महिला ने कर दी ढाई साल के बेटे की हत्या, दृश्यम फिल्म देख ठिकाने लगाई लाश

गुजरात के सूरत में एक शादीशुदा महिला ने अपने प्रेमी को पाने के लिए अपने ढाई साल के बच्चे की हत्या कर दी. बेटे का मर्डर करने वाली महिला की थ्योरी समझकर पुलिस भी दंग रह गई. महिला ने पुलिस को बताया कि उसने बेटे की हत्या के बाद लाश को किस तरह से ठिकाने लगाना है, यह सब दृश्यम फिल्म देख करके सीखा था.

Advertisement
पुलिस की गिरफ्त में महिला. पुलिस की गिरफ्त में महिला.

संजय सिंह राठौर

  • सूरत,
  • 02 जुलाई 2023,
  • अपडेटेड 10:27 AM IST

गुजरात के सूरत शहर में एक ढाई साल के बच्चे की मां नयना मंडावी अपने बच्चे के गुम होने की शिकायत लेकर थाने पहुंची. मामला दर्ज कराने के बाद बच्चे को लगातार तीन दिन तक खोजती रही, लेकिन बच्चा कहीं नहीं मिला. पुलिस ने जब इस मामले की तफ्तीश की तो गुमशुदा बच्चे की मां ही शंका के घेरे में आ गई. इसके बाद पुलिस ने गुमशुदा बच्चे की मां नयना मंडावी से पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

दरअसल, ढाई साल के बच्चे की हत्या की इस घटना की शुरुआत 27 जून 2023 को हुई थी. सूरत के डिंडोली इलाके में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी करने वाले महिला नयना मंडावी अपने ढाई साल के बच्चे वीर मंडावी के गुम होने की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी. मामला छोटे बच्चे की गुमशुदगी का था, लिहाजा पुलिस ने बिना देरी किए बच्चे की गुमशुदगी के साथ-साथ अपहरण का मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी थी.

पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, मगर कहीं नजर नहीं आया बच्चा

जिस जगह महिला कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करती थी, उस जगह के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस ने खंगालने में शुरू किए. सीसीटीवी में कहीं भी बच्चा साइट से बाहर जाता नहीं दिखा. इसके बाद तय हो गया कि महिला जिस जगह कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करती है, वहां से बच्चा बाहर तो नहीं निकला है. पुलिस उस महिला से उसके बच्चे के गुमशुदा होने को लेकर कई तरह के सवाल पूछ रही थी, लेकिन महिला कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रही थी.

Advertisement
वो साइट, जहां काम करती थी महिला.

पुलिस ने गुमशुदा बच्चे की खोजबीन के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली. डॉग स्क्वॉड कंस्ट्रक्शन साइट के बाहर ही नहीं गया. यानी पुलिस समझ गई थी कि बच्चा कंस्ट्रक्शन साइट से बाहर जिंदा नहीं गया है.

प्रेमी पर भी लगाया आरोप, पुलिस ने जांच की तो निकला झूठ

इसी बीच गुमशुदा बच्चे की मां ने पुलिस से कहा कि उसका एक प्रेमी भी है, जो झारखंड में रहता है, हो सकता है कि वह बच्चे का अपहरण करके ले गया हो. इसके बाद पुलिस ने महिला की तसल्ली के लिए उसके प्रेमी से भी संपर्क किया और उसकी लोकेशन भी ट्रेस कराई, लेकिन उसकी लोकेशन सूरत के आसपास कहीं नहीं ट्रेस हुई. उसने पुलिस से कहा कि वह कभी सूरत आया ही नहीं. ऐसे में महिला का एक और झूठ पुलिस के सामने आ गया.

सख्ती से पुलिस ने की पूछताछ तो महिला ने कबूल किया जुर्म

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि जब बच्चा कंस्ट्रक्शन साइट से कहीं बाहर गया ही नहीं और न ही उसका किसी ने अपहरण किया है तो फिर गया कहां. इसके बाद पुलिस ने शिकायत करने वाली महिला से सख्ती से पूछताछ शुरू की तो महिला ने अपने बच्चे की हत्या की बात कबूल कर ली. महिला ने हत्या के बाद लाश कहां छिपाई, इस पर महिला ने पुलिस को बताया कि उसने लाश को गड्ढे में दफन कर दिया है.

Advertisement

कहां छिपाई बच्चे की लाश? झूठ पर झूठ बोलती रही महिला

पुलिस ने महिला द्वारा बताई गई जगह पर जेसीबी से खुदाई कराई, लेकिन लाश नहीं मिली. इसके बाद महिला ने कहा कि उसने लाश तालाब में फेंक दी है. इस पर पुलिस ने तालाब में भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन लाश वहां भी नहीं मिली. इसके बाद पुलिस ने महिला से सच उगलवाने के लिए कड़े अंदाज में पूछा तो महिला ने कहा कि लाश उसी कंस्ट्रक्शन साइट की टॉयलेट के लिए बनाए गए गड्ढे में फेंक दी है. इस पर पुलिस महिला को लेकर जब उस कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंची तो वहां से बच्चे की लाश बरामद हो गई.

27 जून को शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला

सूरत पुलिस के डीसीपी भागीरथ गढवी ने बताया कि 27 जून को नयना बेन मंडावी डिंडोली पुलिस थाने में अपने ढाई साल के बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत लेकर आई थी. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाकर बच्चे की खोजबीन शुरू की थी, लेकिन बच्चा नहीं मिला था. उसके बाद जब पुलिस को महिला पर शंका हुई तो सख्ती से पूछताछ की. महिला ने जुर्म कबूल कर लिया था.

महिला ने क्यों कर दी मासूम बेटे की हत्या? पुलिस को बताई ये वजह

Advertisement

महिला से जब अपने बेटे की हत्या करने और लाश को छिपाने की वजह पूछी तो उसने बताया कि वह मूलतः झारखंड की रहने वाली है. झारखंड में उसका प्रेमी रहता है, जिसने उससे कहा था कि यदि वह अपने बच्चे के साथ उसके पास आएगी तो वह उसे स्वीकार नहीं करेगा. बच्चे को नहीं लाएगी तो वह स्वीकार कर लेगा. 

प्रेमी की बात सुनकर महिला नयना मंडावी ने बच्चे को ठिकाने लगाने के लिए उसकी हत्या कर दी थी. हत्या के बाद लाश को किस तरह छिपाया जाए और वह न पकड़ी जाए, इसके लिए उसने दृश्यम फिल्म देखी थी और भी कई क्राइम एपिसोड देखे थे. 

घटना के खुलासे के बाद पुलिस भी हैरान

दृश्यम फिल्म में एक सीन ऐसा आता है, जिसमें हत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाया जाता है और हत्या का मामला नहीं सुलझता है. न ही उसमें किसी की गिरफ्तारी होती है. बेटे की हत्या करने वाली महिला नयना मंडावी ने भी वैसे ही घटना को अंजाम दिया था, जैसा फिल्म में दिखाया गया. महिला ने सोचा कि ऐसा करने से पुलिस उसे गिरफ्तार भी नहीं कर पाएगी और वह अपने प्रेमी के पास झारखंड चली जाएगी. वारदात के इस खुलासे के बाद सूरत पुलिस भी हैरान रह गई. 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »