तेलंगाना: पहले मां ने किया अपने दो मासूम बच्चों का मर्डर, फिर खुद कर लिया सुसाइड, गांव में भड़की हिंसा

तेलंगाना के वारंगल जिले में एक महिला ने दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी जान दे दी. यह मामला सामने आने के बाद गांव में हिंसा और तनाव फैल गया. महिला के परिजनों ने उसके पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है. क्या है पूरा मामला? पढ़ें पूरी खबर.

Advertisement
पुलिस अब इस मामले की छानबीन कर रही है (फोटो-ITG) पुलिस अब इस मामले की छानबीन कर रही है (फोटो-ITG)

अब्दुल बशीर

  • हैदराबाद,
  • 01 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:29 PM IST

तेलंगाना के वारंगल जिले के चेनारावपेट मंडल में मौजूद एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहित की आत्महत्या की खबर उसके गांव पहुंची. मृतक महिला की पहचान बोदा श्रावंती के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसने हैदराबाद में अपने दो बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी जान दे दी. इस खबर के फैलते ही उसके गांव में मातम और गुस्से का माहौल बन गया.

Advertisement

इस दर्दनाक घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने बोदा मानिक्य ठांडा गांव में महिला के पति के घर पर धावा बोल दिया और वहां तोड़फोड़ के साथ आगजनी कर दी. यह मामला घरेलू विवाद और कथित उत्पीड़न से जुड़ा बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, बोदा श्रावंती अपने पति प्रवीण के साथ रोजगार की तलाश में हैदराबाद आई थी. वे लोग कुकटपल्ली इलाके में किराए के मकान में रहते थे. यहीं पर यह खौफनाक वारदात हुई. पुलिस के मुताबिक, महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को मार डाला और फिर खुद आत्महत्या कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.

घटना के बाद जब शवों को गांव लाया गया, तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फूट पड़ा. मृतका के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि उसका पति प्रवीण उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था. उनका कहना है कि घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न के कारण ही श्रावंती ने यह खौफनाक कदम उठाया. परिजनों ने पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement

गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी पति के घर पर हमला कर दिया. उन्होंने घर में रखे सामान को तोड़ दिया और बाद में आग के हवाले कर दिया. देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई. हालात को बिगड़ता देख स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. आत्महत्या के कारणों और पारिवारिक विवाद की सच्चाई को सामने लाने के लिए हर पहलू पर गौर किया जा रहा है. साथ ही, गांव में हिंसा फैलाने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.

फिलहाल, गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों और मानसिक तनाव के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है. प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है, जबकि मृतका के परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement