दिल्ली: पड़ोसी युवकों को फंसाने के लिए खुद के पैर में मारी गोली, ऐसे खुला राज 

दिल्ली में एक शख्स ने खुद के पैर में गोली मारने के बाद पुलिस को कॉल कर दिया. उसने बताया कि मामूली विवाद को लेकर दो युवकों ने उसके पैर में गोली मार दी. पुलिस इस मामले की तह तक पहुंची, तो कहानी कुछ और ही निकली. 

Advertisement
गोली लगने से घायल सुजीत (फाइल-फोटो) गोली लगने से घायल सुजीत (फाइल-फोटो)

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 04 मार्च 2021,
  • अपडेटेड 7:33 PM IST
  • पड़ोसी युवकों से हो गया था विवाद
  • गोली मारने के बाद पुलिस को दी सूचना
  • घायल को कराया गया अस्पताल में भर्ती 

दिल्ली के नेब सराय इलाके में तीन मार्च की शाम को पुलिस को सूचना मिली कि गोली चली है, जिसमें एक शख्स घायल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. गोली लगने से घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. पुलिस ने घायल शख्स से बयान लिए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी.

नेब सराय की है घटना 
घायल शख्स ने अपना नाम सुजीत बताया. उसने बताया कि वह नेब सराय में किराए के मकान में रहता है. वह तीन मार्च की रात साढ़े 10  बजे को पार्क के पास खड़ा हुआ था. वहां काले रंग की बाइक से दो युवक आए, उनसे छोटी सी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद युवकों ने उसके पैर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. वहीं इस मामले की छानबीन करती हुई जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां कोई चश्मदीद नहीं मिला. मौके पर खून के निशान भी नहीं थे. वहीं जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, तो उसमें काले रंग की बाइक पर एक युवक दिखाई दिया. 

Advertisement

पड़ोसी युवकों को फंसाने की थी साजिश 
पुलिस ने इसके बाद सुजीत की पत्नी से मिलने का प्रयास किया, तो उसके घर में ताला पड़ा हुआ मिला. उसकी पत्नी का फोन भी बंद जा रहा था. कोई सुराग न मिलने पर पुलिस दोबारा सुजीत से मिलने के लिए अस्पताल पहुंची, तो उसने बताया कि कुछ दिन पहले पड़ोसी युवकों से उसका झगड़ा हुआ था. इसके बाद घायल की निशानदेही पर पुलिस पड़ोसी युवकों के पास पहुंच गई. इन लड़कों ने पुलिस को बताया कि तीन मार्च की सुबह उनका सुजीत से झगड़ा हुआ था. उसने पिस्टल दिखाकर धमकी दी थी. उसके बाद वह घर में चला गया. थोड़ी देर बाद वह घायल हालत में घर से बाहर निकला. इन लड़कों ने उससे मदद के लिए भी पूछा, लेकिन उसने इनकार कर दिया. 

Advertisement

पत्नी ने खोल राज 
पड़ोसी लड़कों की कहानी सुनने के बाद पुलिस घायल सुजीत की पत्नी की तलाश में जुट गई. सुजीत की पत्नी अपने एक दूर के रिश्तेदार के यहां मिली. जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो पूरी घटना से पर्दा उठ गया. सुजीत की पत्नी ने बताया कि गोली गलती से चल गई थी. इसके बाद पुलिस ने उसके रिश्तेदार की स्कूटी से पिस्टल के साथ तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए. पुलिस का कहना है कि सुजीत की पत्नी से पूछताछ जारी है. सुजीत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस जांच में पता चला है कि सुजीत पर पहले से ही आर्म्स एक्ट और कत्ल का एक केस दर्ज है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोली गलती से ही चली या फिर साजिश के तहत.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »