पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी कामयाबी मिली है. AGTF ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से डोनी बल-प्रभ दासूवाल गैंग के अहम सरगना गुरविंदर उर्फ अफरीदी को इथियोपिया से डिपोर्ट करा लिया है. यह कार्रवाई करीब 10 महीने तक चले अंतरराष्ट्रीय अभियान के बाद की गई है.
इस ऑपरेशन को 'ऑपरेशन शहीद' नाम दिया गया था. इस पूरी कार्रवाई में पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल (OFTEC) ने अहम भूमिका निभाई.
विदेश से क्राइम नेटवर्क का संचालन
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुरविंदर उर्फ अफरीदी विदेश में रहकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को कथित तौर पर अंजाम दिलवा रहा था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह टारगेट किलिंग की घटनाओं को निर्देशित करने, फिरौती से जुड़े फायरिंग के मामलों और संगठित आपराधिक गतिविधियों में कथित रूप से शामिल था.
वह विदेश से ही अपने नेटवर्क के जरिए पंजाब में इन वारदातों को संचालित कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पंजाब सरकार ने 5 लाख रुपये के इनाम का भी ऐलान किया था. आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को यह इनाम दिया जाना था.
कई देशों में सर्च ऑपरेशन
गुरविंदर उर्फ अफरीदी को पकड़ने के लिए एजेंसियों ने कई देशों में खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी का अभियान चलाया. करीब 10 महीने तक चली इस कार्रवाई में आरोपी की गतिविधियों और लोकेशन को ट्रैक करने के लिए लगातार प्रयास किए गए. यह अभियान केवल एक देश तक सीमित नहीं था, बल्कि एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में उसकी तलाश की गई.
इस दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर खुफिया सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया. लगातार निगरानी और ट्रैकिंग के बाद आखिरकार उसे इथियोपिया से डिपोर्ट कराने में सफलता मिली.
ऐसे मिली कामयाबी
इस पूरे ऑपरेशन में पंजाब AGTF और काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब की OFTEC ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से काम किया. अलग-अलग देशों में आरोपी की तलाश, उसकी गतिविधियों पर नजर रखने और उसके प्रत्यर्पण से जुड़ी प्रक्रिया में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बनाया गया.
पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई को विदेश में छिपकर आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. फिलहाल प्रारंभिक जांच में सामने आए आरोपों के आधार पर आरोपी की भूमिका की आगे जांच की जाएगी.
कमलजीत संधू