ट्रांसफर की चाहत में ठगी का शिकार बना IT अफसर, तोते वाले ज्योतिषी ने लगाया 35 लाख का चूना, गहने लेकर हुआ फरार

बेंगलुरु में एक आयकर अधिकारी तोते वाले ज्योतिषी के झांसे में आ गया. अफसर का ट्रांसफर कराने के नाम पर आरोपी ज्योतिषी 35 लाख रुपये के सोने के गहने और चांदी लेकर फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. ये कहानी हैरान करने वाली है.

Advertisement
पुलिस अब तोते वाले ज्योतिषी की तलाश कर रही है (सांकेतिक फोटो) पुलिस अब तोते वाले ज्योतिषी की तलाश कर रही है (सांकेतिक फोटो)

सगाय राज

  • बेंगलुरु,
  • 10 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:23 PM IST

बेंगलुरु में एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक आयकर अधिकारी ही ठगी के जाल में फंस गया. ट्रांसफर की उम्मीद में उसने एक सड़क किनारे बैठे तोते वाले ज्योतिषी पर भरोसा कर लिया. आरोपी ने भविष्य बताने और खास पूजा कराने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये के गहने ठग लिए. जब तक अधिकारी को सच्चाई का एहसास हुआ, तब तक ज्योतिषी और उसका तोता दोनों गायब हो चुके थे. अब पुलिस इस अजीबोगरीब ठगी के मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement

सड़क किनारे मिला तोते वाला ज्योतिषी
जानकारी के मुताबिक, यह आयकर अधिकारी कई सालों से बेंगलुरु के इनकम टैक्स ऑफिस में तैनात है. पिछले साल दिसंबर में वह भरतिनगर के श्री सर्कल इलाके से गुजर रहा था. वहीं सड़क किनारे एक व्यक्ति तोते के जरिए भविष्य बताने का काम करता था. उसी दौरान अधिकारी की मुलाकात उससे हुई. आरोपी ने दावा किया कि वह चेहरे और कुंडली देखकर भविष्य बता सकता है. यही से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे आरोपी ने अधिकारी का भरोसा जीत लिया.

पूजा के नाम पर पहले लिए 50 हजार
आरोपी का नाम शेखर बताया गया है, जो भरतिनगर के श्री सर्कल के पास तोते के जरिए ज्योतिष करता था. उसने अधिकारी से कहा कि कुछ विशेष पूजा कराने से उसकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आएंगे. शुरू में उसने पूजा कराने के नाम पर अधिकारी से 50 हजार रुपये ले लिए. इसके बाद वह लगातार फोन कर अधिकारी से संपर्क में रहा और धीरे-धीरे भरोसा बढ़ाता गया. अधिकारी को भी लगा कि शायद यह व्यक्ति सच में उसकी मदद कर सकता है.

Advertisement

ट्रांसफर के सवाल पर मांगे सोने के गहने
कुछ समय बाद अधिकारी ने शेखर से अपने ट्रांसफर की संभावना के बारे में पूछा. इस पर ज्योतिषी ने कहा कि इसके लिए एक बड़ी पूजा करनी पड़ेगी. उसने अधिकारी से कहा कि वह घर से सोने के गहने लेकर आए ताकि पूजा में उनका इस्तेमाल किया जा सके. ज्योतिषी के झांसे में आकर अधिकारी ने 194 ग्राम सोने के गहने, जिनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है, और करीब 1.3 किलोग्राम चांदी उसे दे दी.

एक हफ्ते का इंतजार
शेखर ने अधिकारी से वादा किया कि वह एक दिन में पूजा पूरी कर गहने वापस कर देगा. लेकिन इसके बाद वह तरह-तरह के बहाने बनाकर गहने लौटाने में देरी करता रहा. कभी कहता कि पूजा अभी पूरी नहीं हुई है, तो कभी कोई और कारण बताता. इस तरह उसने अधिकारी को करीब एक हफ्ते तक इंतजार करवाया. इस दौरान अधिकारी को शक भी हुआ, लेकिन वह उम्मीद करता रहा कि गहने वापस मिल जाएंगे.

ज्योतिषी और तोता दोनों हुए गायब
आखिरकार जब अधिकारी खुद भरतिनगर के श्री सर्कल पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर वह हैरान रह गया. वहां न तो ज्योतिषी शेखर था और न ही उसका तोता. दोनों गहनों के साथ गायब हो चुके थे. तब जाकर अधिकारी को समझ आया कि उसके साथ बड़ी ठगी हो गई है. इसके बाद उसने भरतिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी तोते वाले ज्योतिषी की तलाश शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement