पाखंडी बाबा का 'पापलोक': 100 अश्लील वीडियो, 6 साल तक रेप और गर्भपात का खौफनाक खेल!

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.

Advertisement
अशोक खरात कई मामलों में आरोपी है. Photo ITG अशोक खरात कई मामलों में आरोपी है. Photo ITG

ओमकार

  • मुंबई,
  • 23 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:59 PM IST

महाराष्ट्र के नासिक से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को धर्मगुरु बताने वाला अशोक कुमार खरात अब कई गंभीर आरोपों के घेरे में है. उसके खिलाफ दुष्कर्म, महिलाओं का शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे संगीन आरोप लगे हैं. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, नए-नए खुलासे हो रहे हैं.

कहां और कैसे सामने आया ये मामला?
मामले की शुरुआत एक गर्भवती महिला की शिकायत से हुई. सात महीने की गर्भवती महिला को 'बच्चे की सुरक्षा' के नाम पर खरात ने अपने केबिन में बुलाया, जबकि उसके पति को बाहर रोक दिया गया. अंदर अंधेरा कर महिला को आंख बंद करने को कहा गया.

Advertisement

महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की. उसने किसी तरह विरोध कर खुद को बचाया और बाहर निकल आई. बाद में उसने पूरी घटना अपने पति को बताई, जिससे इस मामले का खुलासा हुआ.

स्पाई कैमरे से बनाए कई वीडियो
शुरुआत में महिला के पति को भरोसा नहीं हुआ, लेकिन सच्चाई जानने के लिए उसने केबिन में स्पाई कैमरा लगवा दिया. बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को अब तक 100 से ज्यादा वीडियो क्लिप मिले हैं, जिनमें महिलाओं को अकेले बुलाना, उन्हें कुछ सामान देना और फिर कथित तौर पर उनके साथ गलत हरकत करना दिख रहा है. इससे यह मामला एक सुनियोजित और लगातार चल रहे शोषण का रूप लेता नजर आ रहा है.

कई साल तक दुष्कर्म का आरोप
एक अन्य महिला ने आरोप लगाया है कि 2020 से 2026 के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया. महिला के अनुसार, आरोपी ने पहले उसके परिवार का विश्वास जीता और फिर निजी समस्याओं का फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसाया.

Advertisement

महिला को गर्भवती करने का आरोप
महिला का कहना है कि उसे 'दैवीय शक्ति' का हवाला देकर बहकाया गया और बाद में जबरन संबंध बनाए गए. उसने यह भी आरोप लगाया कि वह गर्भवती हो गई थी, जिसके बाद उसे दवा देकर गर्भपात कराया गया. डर के कारण वह लंबे समय तक चुप रही. महिला ने कहा कि उसे धमकी दी गई थी कि अगर उसने कुछ बताया तो उसके बच्चों को नुकसान होगा.

ऐसे रचा गया आस्था के नाम पर ठगी का खेल
मामले में आर्थिक ठगी के आरोप भी सामने आए हैं. शिकायतकर्ता के अनुसार, इमली के बीजों को चमकाकर 'ताकत के लिए रत्न' बताकर हजारों से लाखों रुपये में बेचा जाता था. लोगों को डराने के लिए नकली सांप और अन्य तरीके अपनाए जाते थे, ताकि उनसे पैसे ऐंठे जा सकें.

जमीन विवाद और 'साजिशन मौत' का आरोप
जांच के दौरान एक जमीन विवाद का मामला भी सामने आया है. नासिक के जाधव परिवार ने आरोप लगाया है कि खरात ने उनकी जमीन हड़प ली और इस विवाद में उनके एक परिजन की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई. परिवार का दावा है कि यह एक सुनियोजित साजिश थी, जिसे हादसा दिखाने की कोशिश की गई. उनका कहना है कि पहले की शिकायतों पर सही तरीके से जांच नहीं हुई.

Advertisement

जांच तेज, कई और खुलासों की आशंका
फिलहाल आरोपी को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है और विशेष जांच दल उससे पूछताछ कर रहा है. जांच एजेंसियां छिपे कैमरे के वीडियो और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही हैं. अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं.

यह मामला दिखाता है कि कैसे आस्था और भरोसे का इस्तेमाल कर लोगों को जाल में फंसाया गया और लंबे समय तक उनका शोषण किया गया. फिलहाल जांच जारी है और अभी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.

---- समाप्त ----
साथ में इनपुट- प्रवीण ठाकरे

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement