गोवा में तेज रफ्तार मिनी कूपर का कहर, जोरदार टक्कर के बाद महिला की मौत, कारोबारी का बेटा गिरफ्तार

गोवा के डोना पाउला में तेज रफ्तार Mini Cooper कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें 23 साल की महिला की मौत हो गई और उसका सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने एक कारोबारी के आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
कार चला रहा रईसजादा गिरफ्तार हो गया है (फोटो-ITG) कार चला रहा रईसजादा गिरफ्तार हो गया है (फोटो-ITG)

aajtak.in

  • गोवा,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 5:55 PM IST

गोवा से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार लग्जरी कार ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में 23 साल की एक महिला कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुरुष सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना उत्तर गोवा के डोना पाउला इलाके में रविवार रात हुई. पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत राहत-बचाव का काम शुरू किया गया. घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि मृतक महिला एक फाइव-स्टार होटल में काम करती थी और अपने सहकर्मी के साथ बाइक पर जा रही थी. तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की स्पीड काफी ज्यादा थी, जिससे बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला.

इस मामले में पुलिस ने आरोपी दारियस डायस (22) को गिरफ्तार कर लिया है, जो एक कारोबारी का बेटा बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी उसी समय कार चला रहा था और लापरवाही से वाहन चला रहा था. हादसे के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय आरोपी नशे में था या नहीं.

Advertisement

पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि आरोपी जिस कार को चला रहा था, वह एक लग्जरी मिनी कूपर (Mini Cooper) थी. इस कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जो वाहन के RTO में रजिस्ट्रेशन से पहले लगाई जाती है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कार का रजिस्ट्रेशन और दस्तावेज सही थे या नहीं. साथ ही, हादसे की पूरी परिस्थितियों को समझने के लिए CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरे को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर नाराजगी जताई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है. अधिकारियों का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

(रितेश देसाई का इनपुट)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement