उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में चार दिन पहले मिली एक सिर कटी लाश ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी. पुलिस के सामने उस लाश की शिनाख्त करना चुनौती थी. लेकिन महज 24 घंटे की सघन जांच और सोशल मीडिया के जरिए पुलिस ने न सिर्फ मृतका की पहचान की, बल्कि इस रूह कंपा देने वाले हत्याकांड का पर्दाफाश भी कर दिया.
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. मृतका बबली की हत्या का मास्टरमाइंड उसका प्रेमी विकास ही निकला है. पुलिस की पूछताछ में विकास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. वो दिल्ली के मैक्स अस्पताल में मृतका के पति अजय के साथ सफाई का काम करता था. इसी दौरान उसका अजय के घर आना-जाना शुरू हो गया था.
करीब ढाई साल पहले अजय की कैंसर से मौत हो गई, जिसके बाद विकास और बबली के बीच प्रेम संबंध बन गए. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन मोड़ तब आया जब दिसंबर 2025 में विकास के परिजनों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी. विकास की दूसरी जगह शादी तय होने से बबली नाराज थी. वो उस पर साथ रहने का दबाव बना रही थी.
विकास उसे अपने रास्ते से हटाना चाहता था. उसने अपने साले अमन और एक अन्य दोस्त के साथ मिलकर बबली को खत्म करने की योजना बनाई. साजिश के तहत आरोपी बबली को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र के सुनिवार इलाके में ले गए. वहां मौका मिलते ही धारदार हथियार (चापड़) से बबली का गला काट दिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने की पूरी कोशिश की. उन्होंने धड़ को एक जगह छोड़ा और सिर को करीब 500 मीटर दूर ले जाकर फेंक दिया, ताकि पुलिस शिनाख्त न कर सके. जब पुलिस को सिर कटी लाश मिली, तो शिनाख्त के लिए मृतका के हाथ पर लिखे नाम का सहारा लिया गया. पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी.
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि फोटो देखकर मृतका की मां और भाई थाने पहुंचे. दोनों ने बबली की शिनाख्त कर ली. इस मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं. सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास और उसके साले अमन को दबोच लिया. हत्या में इस्तेमाल चापड़ और दो तमंचे बरामद कर लिए.
मुकुल शर्मा