पंजाब के चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी मर्डर केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. इस सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरोन को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वह लंबे समय से फरार चल रहा था और देश छोड़कर मिडिल ईस्ट भाग गया था. शुक्रवार तड़के उसे भारत लाया गया और दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया. इस गिरफ्तारी को पंजाब पुलिस के लिए अहम माना जा रहा है.
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मेहरोन को विदेश से डिपोर्ट कर भारत लाया गया. जैसे ही वह दिल्ली पहुंचा, पुलिस टीम पहले से ही तैयार थी और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया. यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर की गई.
बताया जा रहा है कि अमृतपाल सिंह मेहरोन मोगा का रहने वाला है और खुद को एक कट्टर सिख नेता के तौर पर पेश करता था. कंचन कुमारी की हत्या के बाद वह जून 2025 में ही देश छोड़कर भाग गया था. पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था और लगातार उसकी तलाश जारी थी.
कंचन कुमारी, जो सोशल मीडिया पर कमल कौर भाभी के नाम से मशहूर थीं, उनकी लाश बठिंडा में एक पार्किंग में खड़ी कार से बरामद हुई थी. यह मामला सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी.
इस केस में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था. इनमें मोगा का जसप्रीत सिंह और तरनतारन का निमरतजीत सिंह शामिल हैं. दोनों ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया था कि उन्होंने कंचन कुमारी की हत्या की, क्योंकि उनके सोशल मीडिया कंटेंट को अश्लील और समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया था.
पुलिस के मुताबिक, 11 जून 2025 को अमृतपाल मेहरोन और उसके साथियों ने मिलकर कंचन कुमारी का अपहरण किया था. इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई और शव को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कार में छोड़ दिया गया था. यह पूरी वारदात बेहद सुनियोजित और बेरहम तरीके से अंजाम दी गई थी.
हत्या के बाद मेहरोन ने खुद को बचाने के लिए देश छोड़ दिया और मिडिल ईस्ट में छिप गया था. लेकिन पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से उसका लोकेशन ट्रेस की. इसके बाद एक्स्ट्राडिशन की प्रक्रिया शुरू की गई और आखिरकार उसे पकड़कर भारत लाया गया.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें मेहरोन कथित तौर पर इस हत्या को सही ठहराता नजर आया था. उसने कहा था कि कंचन कुमारी को उसके साथियों ने आपत्तिजनक कंटेंट की वजह से मारा है. इतना ही नहीं, उसने अन्य सोशल मीडिया क्रिएटर्स को भी इस तरह का कंटेंट न बनाने की चेतावनी दी थी.
पुलिस के अनुसार, मेहरोन ने पंजाब की कम से कम दो अन्य महिला सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स को भी धमकी दी थी. अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क और उसके इरादों की गहराई से जांच कर रही है. पंजाब पुलिस ने साफ किया है कि संगठित अपराध और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी.
aajtak.in