अगर आप अपने सपनों का आशियाना यानी अपना घर बनवाने का प्लान कर रहे हैं, तो फिर ये खबर आपके लिए खास है. दरअसल, मिडिल ईस्ट संकट और सप्लाई चेन में तमाम रुकावटों के बाद भी देश में सरिया के दाम गिर गए हैं. इसके सस्ता होने का मतलब है कि आपका घर बनवाने का खर्च कम हो जाएगा.
हाउस कंस्ट्रक्शन में सरिया सिर्फ घर की मजबूती के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि इसकी कीमत में आने वाला उतार-चढ़ाव सीधे घर बनवाने के खर्च में घट-बढ़ वाला साबित होता है. बीते कुछ समय से TMT Saria का प्राइस तेज रफ्तार से बढ़ता जा रहा था, लेकिन अब अचानक इसका दाम गोवा से मुंबई तक औंधे मुंह गिरा नजर आ रहा है.
इंतजार आया काम, खर्च होगा कम
घर बनवाना आज के समय में सबसे महंगे सौदों में शामिल हो चुका है. पहले मोटा पैसा खर्च करके जमीन खरीदनी पड़ती है और उस पर अपने हिसाब से आशियाना खड़े करने पर भारी-भरकम रकम खर्च होती है. ईंट, गिट्टी, सीमेंट, रेत से लेकर सरिया तक सबसे महंगे मैटेरिल्स में शामिल हैं.
ऐसे में ज्यादातर लोग घर बनवाने का प्लान करते समय इनकी कीमतों में गिरावट का इंतजार भी करते हैं, अगर आप इसमें शामिल हैं, तो आपका इंतजार अब काम आया दिखाई दे रहा है. देश के तमाम शहरों में सरिया का भाव प्रति टन 4000 रुपये या इससे अधिक कम हो गया है.
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के चलते बीते मार्च और अप्रैल महीने में लगातार इस जरूरी चीज की कीमत में उछाल देखने को मिला था, लेकिन अब इसकी कीमत में बड़ी गिरावट आई है. ऐसे में अगर आप अपना घर बनवाने की तैयारी कर रहे हैं, तो सबसे पहले सरिया के अपडेटेड रेट्स जान लेना जरूरी है. इसकी कीमत में आने वाली कमी House Construction Cost में कमी ला देती है, जबकि बढ़ोतरी कंस्ट्रक्शन के खर्च को बढ़ाने वाली साबित होती है.
सरिया की कीमतें (18% GST के बिना)
| शहर (राज्य) | 20 मार्च 2026(प्रति मीट्रिक टन) | 24 अप्रैल 2026(प्रति मीट्रिक टन) | 20 मई (प्रति मीट्रिक टन) |
| रायपुर | 46,200 रुपये | 46,600 रुपये | 42,500 रुपये |
| रायगढ़ | 45,300 रुपये | 46,500 रुपये | 42,000 रुपये |
| भावनगर | 51,800 रुपये | 53,100 रुपये | 48,500 रुपये |
| राउरकेला | 46,300 रुपये | 47,500 रुपये | 43,000 रुपये |
| हैदराबाद | 49,500 रुपये | 50,300 रुपये | 46,200 रुपये |
| चेन्नई | 50,200 रुपये | 51,800 रुपये | 49,000 रुपये |
| मुंबई | 51,000 रुपये | 51,200 रुपये | 47,300 रुपये |
| जालना | 51,300 रुपये | 52,300 रुपये | 46,400 रुपये |
| गोवा | 54,200 रुपये | 54,500 रुपये | 51,500 रुपये |
खरीदने से पहले ऐसे चेक करें रेट
Sariya Price में रोजाना आधार पर बदलाव होता है और आप अपने शहर की लेटेस्ट कीमतों को घर बैठे ही आसानी से चेक कर सकते हैं. इसके लिए आयरनमार्ट की वेबसाइट (ayronmart.com) पर जाना होगा और इसमें TMT सरिया के लेटेस्ट रेट अपडेट की पूरी जानकारी मिल जाएगी. बता दें कि वेबसाइट पर बताई गई कीमतें सरिया पर लगने वाले 18 फीसदी जीएसटी से अलग होती हैं और इसके जुड़ने से ये बढ़ जाती हैं.
आजतक बिजनेस डेस्क