देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सोने के भाव में बड़ी गिरावट आई है और यह अब घटकर 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच चुका है. सोने के भाव में गिरावट की बड़ी वजह वाशिंगटन और तेहरान के बीच सैन्य तनाव माना जा रहा है.
ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव फिर बढ़ने से डॉलर इंडेक्स में तेजी आई, जिस कारण गोल्ड की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 प्रतिशत प्योरिटी वाले गोल्ड प्राइस में 2,800 रुपये की गिरावट आई है और यह 10 ग्राम सभी टैक्स के साथ 1,62,400 रुपये हो गया है.
वहीं सोमवार को सोने का भाव बढ़कर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया था. हालांकि, चांदी की कीमत में 2,000 रुपये की बढ़ोतरी देखी गई है और यह 2,73,000 रुपये प्रति किलो हो चुका है. सोमवार को चांदी की कीमत दिल्ली में 2,71,000 रुपये प्रति किलो थी.
MCX पर सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट
रात करीब 9 बजे एमसीएक्स पर सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली. 3 जुलाई फ्यूचर सिल्वर प्राइस 6,000 रुपये गिरकर 270713 प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी. इसी तरह, 5 जून फ्यूचर गोल्ड प्राइस 1300 रुपये गिरकर 1,57,784 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
इंटरनेशनल मार्केट में सोने-चांदी का भाव
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. पीटीआई के अपडेट के अनुसार, स्पॉट गोल्ड प्राइस लगभग 1 प्रतिशत गिरकर 4,534.69 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि चांदी की कीमत में 2 प्रतिशत से थोड़ी अधिक की गिरावट आई और यह 76.49 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.
क्यों आ रही सोने-चांदी में गिरावट?
सोने-चांदी के दाम में गिरावट की बड़ी वजह जियो-पॉलिटिकल टेंशन है. ईरान-अमेरिका के बीच लगातार तनाव बढ़ने से डॉलर में तेजी आई है. डॉलर में तेजी के कारण सोने-चांदी के भाव नीचे जा रहे हैं. इसके अलावा, मुनाफावसूली भी शुरू हो गई है, जिस कारण गोल्ड और सिल्वर के दाम में गिरावट देखी गई है. साथ ही कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी के कारण अर्थव्यवस्था में संकट बना हुआ है और महंगाई का खतरा बढ़ चुका है, जिस कारण मेटल प्राइस में भी गिरावट देखी जा रही है.
आजतक बिजनेस डेस्क