सोने और चांदी के भाव में अभी-अभी भारी गिरावट आई है. कमोडिटी मार्केट में यह गिरावट तब आई है, जब ईरान-अमेरिका शांति समझौते को लेकर बातचीत चल रही है और डॉलर में तेजी जारी है. साथ ही फेडरल बैंक की ओर से रेट में बढ़ोतरी की उम्मीद बढ़ गई है, जिस कारण सेफ हैवेन कहे जाने वाले सोना-चांदी के भाव में भारी गिरावट दिख रही है.
कमोडिटी मार्केट में 5 अक्टूबर फ्यूचर का गोल्ड 5900 रुपये या 3.85 फीसदी से ज्यादा गिरकर 1,44,380 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ चुका है. वहीं 4 सितंबर फ्यूचर के लिए चांदी की बात करें तो यह 10231 रुपये या 4.43% गिरकर 2,20,566 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी.
24 कैरेट सोने का भाव
कमोडिटी मार्केट में भारी गिरावट का असर सर्राफा बाजार में भी पड़ा है. 24K सोने का भाव करीब 2900 रुपये टूटकर 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच चुका है. 22 कैरेट का भाव 1.30 लाख रुपये है और 18 कैरेट सोने का भाव 1.06 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम है.
इसी तरह, चांदी की कीमत में भी भारी गिरावट देखी गई है. सर्राफा बाजार में 1 किलो चांदी का भाव कल की तुलना में 5,500 रुपये टूटकर 2.22 लाख रुपये प्रति किलो पर आ चुका है. विश्लेषकों को उम्मीद है कि कमोडिटी मार्केट में शाम को आई गिरावट का गुरुवार को सर्राफा बाजार में दिखाई देगा.
ग्लोबल पर भी सोना-चांदी पर दबाव
इंटरनेशनल मार्केट में सोने और चांदी की कीमत को देखें तो यहां भी भारी गिरावट देखी जा रही है. सोना 3 फीसदी से ज्यादा टूटकर 4,021.80 डॉलर पर औंस पर कारोबार कर रहा है. चांदी 5.16% गिरकर 58.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी.
रिकॉर्ड हाई से सोना-चांदी कितने गिरे?
एक समय ऐसा था जब सोना 1.93 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया था, लेकिन अब 49000 रुपये टूटकर 1.44 लाख रुपये पर आ चुका है. वहीं चांदी एक समय पर 4.20 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई थी, लेकिन अब ठीक 2 लाख रुपये गिरकर 2.20 लाख रुपये पर आ चुकी है.
क्यों आई ये गिरावट?
HDFC सिक्योरिटीज का कहना है कि अमेरिकी डॉलर में मजबूती और फेड रेट में बढ़ोतरी की उम्मीद के कारण मेटल में भारी गिरावट आई है. सोना और चांदी में गिरावट की एक और वहज ग्लोबल सेंटिमेंट का कमजोर होना भी बताया जा रहा है. इंटरनेशनल मार्केट में भी सोना और चांदी गिरे हुए हैं.
(नोट- किसी भी असेट या सोना-चांदी में निवेश या खरीदारी से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)