सरकार ने कहा है कि जल्द ही यूपीआई और एटीएम से पीएफ का पैसा निकाला जा सकता है. इसे लागू करने के लिए काम लगभग पूरा हो चुका है. उम्मीद की जा रही है कि इसी महीने से अंत तक इन सर्विस को लोगों के लिए शुरू किया जा सकता है.
टेस्टिंग हो चुकी है पूरी
नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) के साथ साझेदारी में डेवलप की गई नई सुविधा की टेस्टिंग पहले ही पूरी हो चुकी है और अब इसे लॉन्च करने की तैयारी चल रही है. केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने भी कहा है कि जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी. लेकिन अब सवाल ये है कि ATM-UPI के जरिए आप कितना पीएफ अमाउंट निकाल सकेंगे?
कितना निकाल सकते हैं पीएफ अमाउंट?
दरअसल, एटीएम-यूपीआई के जरिए कितना पैसा निकाल सकते हैं? इसकी अधिकारिक ऐलान या जानकारी नहीं है, लेकिन मौजूदा नियम में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं की जा रही है. अभी जो पीएफ विड्रॉल का नियम है, वही आगे भी जारी रहने की उम्मीद की जा रही है. यानी कि UPI-ATM से 75 फीसदी पैसा निकालने की अनुमति मिल सकती है.
75 फीसदी अमाउंट निकासी
वही कई मीडिया रिपोर्ट्स में भी दांवा किया गया है कि यूपीआई और यूपीआई-सक्षम एटीएम का उपयोग करके ईपीएफ बैलेंस का 75 प्रतिशत तक तुरंत बैंक खाते में निकाल सकेंगे. विशेषज्ञों के अनुसार, इस सुविधा से कागजी कार्रवाई और देरी कम होगी.
तुरंत निकलेगा पीएफ का पैसा
मौजूदा समय में पीएफ निकासी के लिए सदस्यों को आमतौर पर क्लेम करना पड़ता है और फिर मंजूरी का इंतजार करना पड़ता है. क्लेम करने के 15 से 20 दिनों के अंदर पैसा अकाउंट में आने की उम्मीद की जाती है, लेकिन अब इस बदलाव से तुरंत पीएफ से पैसा निकाला जा सकता है.
5 लाख रुपये तक सेल्फ सेटलमेंट लिमिट
इन सभी बदलावों के अलावा, सरकार ने पीएफ क्लेम्स के लिए खुद सेटलमेंट लिमिट को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है. इसके अलावा, सदस्य कई दस्तावेजों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी पहचान सत्यापित करने के लिए यूएमएएनजी ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (एफएटी) का उपयोग कर सकते हैं.
लंबे समय से ईपीएफ 3.0 का इंतजार
गौरतलब है कि ईपीएफओ 3.0 अपडेट की काफी लंबे समय से चर्चा चल रही है, जो अब लगभग पूरी होने की उम्मीद है. इसके लॉन्च होने के बाद पीएफ यूजर्स को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा. उन्हें अपने पैसे तक पहुंच आसानी से मिलेगी.