क्या आपको भी कभी-कभी अपना कमरा किसी आरामदायक जगह के बजाय एक छोटा सा डिब्बा लगने लगता है. अक्सर हम कमरे के साइज को लेकर परेशान रहते हैं, लेकिन सच तो यह है कि कमरे को छोटा या बड़ा दिखाना काफी हद तक हमारे सजाने के तरीके पर निर्भर करता है.
अनजाने में की गई हमारी कुछ गलतियां और पुरानी आदतें ही कमरे को घुटन भरा और छोटा बना देती हैं. अगर आप भी अपनी उसी पुरानी जगह में नई जान फूंकना चाहते हैं और उसे खुला-खुला महसूस कराना चाहते हैं, तो बस ये आसान बदलाव कर लीजिए. इसके लिए आपको अपना घर बदलने की नहीं, बस अपनी सोच और फर्नीचर की जगह बदलने की जरूरत है.
1. फर्नीचर को दीवार से सटाकर न रखें
ज्यादातर लोग बीच की जगह बचाने के लिए सोफे या अलमारी को दीवार से एकदम चिपकाकर रख देते हैं. सुनने में यह सही लगता है, लेकिन असल में यह कमरे को छोटा दिखाता है, क्योंकि इससे कमरे की साइज एकदम फिक्स नजर आने लगती है. अगर आप अपने सोफे को दीवार से सिर्फ दो-तीन इंच आगे खिसका दें, तो वहां थोड़ी हवा और छाया बनेगी. इस छोटे से गैप की वजह से दीवारें पीछे हटती हुई महसूस होंगी और कमरे में स्पेस का एहसास अपने आप बढ़ जाएगा.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में अल्ट्रा लग्जरी घरों की बिक्री में 10 गुना उछाल, मुंबई को पछाड़ा
2. छत वाली तेज लाइट से बचें
कमरे के बीचोंबीच लगा वो तेज रोशनी वाला बल्ब अक्सर पूरे माहौल को खराब कर देता है. इससे कोनों में गहरी परछाइयां बनती हैं, जिससे कमरा किसी गुफा जैसा छोटा लगने लगता है. इसकी जगह फ्लोर लैंप या टेबल लाइट का इस्तेमाल करें. जब आप कमरे के किनारों को रोशन करते हैं, तो दीवारें फैली हुई लगती हैं और कमरा पहले से कहीं ज्यादा हवादार और बड़ा महसूस होता है.
3. पर्दों की ऊंचाई का रखें ख्याल
पर्दे लगाने का भी एक विज्ञान है. ज्यादातर लोग पर्दे की रॉड को खिड़की के बिल्कुल ऊपर लगा देते हैं, जिससे दीवार कटी हुई और छत नीची महसूस होती है. इसका स्मार्ट हैक यह है कि पर्दे की रॉड को छत के जितना करीब हो सके, उतना ऊपर लगाएं. इससे देखने वाले की नजर सीधे ऊपर की ओर जाती है और कमरा पहले से कहीं ज्यादा लंबा और ऊंचा दिखने लगता है.
4. हल्के और हवादार पर्दे चुनें
मखमली और भारी पर्दे देखने में भले ही अच्छे लगें, लेकिन छोटे कमरों के लिए ये सही नहीं माने जाते क्योंकि ये सारी रोशनी खत्म कर देते हैं. इनकी जगह लिनन या पतले और हवादार पर्दों का इस्तेमाल करें. जब सूरज की रोशनी इन पर्दों से छनकर पूरे कमरे में फैलती है, तो कमरा अपने आप चमक उठता है और बड़ा नजर आने लगता है.
यह भी पढ़ें: 'गटर है, लेकिन सोने का...' धारावी की तंग गलियों में होता है अरबों का कारोबार
5. पैरों वाला फर्नीचर है बेस्ट
जमीन से चिपके हुए भारी सोफे या अलमारी देखने में बहुत वजनी लगते हैं और फर्श को छोटा दिखाते हैं. इसकी जगह अगर आप पतले पैरों वाला फर्नीचर चुनते हैं, तो उसके नीचे का फर्श साफ दिखाई देता है. जब आपकी नजर को फर्श का वह खाली हिस्सा नजर आता है, तो दिमाग को अपने आप लगता है कि कमरा असलियत से कहीं ज्यादा बड़ा है.
aajtak.in