मुंबई देश के सबसे महंगे प्रॉपर्टी बाज़ारों में से एक है यहां एक छोटा सा फ्लैट भी करोड़ों में मिलता है, जिस वजह से मिडिल क्लास लोगों के लिए यहां घरीदना अब नामुमकिन होता जा रहा है, लेकिन मुंबई के करीब कुछ ऐसे इलाके हैं जो रहने के लिहाज से काफी किफायती हैं.
ये इलाके न केवल बजट में फिट बैठते हैं, बल्कि यहाँ बेहतरीन कनेक्टिविटी जरूरी सुविधाएं और रोजगार के अच्छे अवसर भी मिलते हैं. जो लोग एक व्यावहारिक और बजट-अनुकूल विकल्प की तलाश में हैं, उनके लिए मुंबई के ये इलाके आज भी काफी बेहतर और सुलभ आवास विकल्प देते हैं.
यह भी पढ़ें: डीडीए की 'कर्मयोगी आवास' स्कीम, 25% डिस्काउंट पर मिल रहा है फ्लैट
बोरिवली: मुंबई के उत्तर-पश्चिमी उपनगर में स्थित बोरिवली एक बेहद लोकप्रिय आवासीय इलाका है. यह अपनी बेहतरीन कनेक्टिविटी के लिए जाना जाता है, जो वेस्टर्न रेलवे लाइन और मेट्रो नेटवर्क के जरिए मुंबई के बाकी हिस्सों से जुड़ी हुई है. इस इलाके में किफायती अपार्टमेंट्स और पुरानी स्थापित हाउसिंग सोसायटीज हैं. यहां रहने वालों को अच्छे स्कूल, अस्पताल, शॉपिंग सेंटर जैसी सुविधाओं से समझौता किए बिना बजट में घर मिल जाता है. यहां फ्लैट की कीमत ₹21,500 से ₹30,100 प्रति वर्ग फुट है.
चेंबूर: ये इलाका अपने बेहतर होते इंफ्रास्ट्रक्चर, शानदार रोड कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित होते इलाकों में जाना जाता है. सेंट्रल मुंबई के कई अन्य महंगे इलाकों की तुलना में, चेंबूर में आज भी अपेक्षाकृत किफायती घर मिल जाते हैं. इस इलाके में कमर्शियल हब्स, शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं और मनोरंजन के साधन मौजूद हैं. जिससे यह कामकाजी लोगों और परिवारों दोनों के लिए एकदम सही जगह बन जाता है. यहां फ्लैट की कीमत ₹25,500 प्रति वर्ग फुट है.
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद से सस्ता, बंपर मुनाफा, क्या धोलेरा अगला रियल एस्टेट हॉटस्पॉट है
कुर्ला: अपने केंद्रीय स्थान और यातायात के फायदों के कारण, कुर्ला बजट घर खरीदारों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनकर उभरा है. यह इलाका मुंबई के एक प्रमुख रेलवे जंक्शन के रूप में काम करता है, जो शहर के विभिन्न हिस्सों को आपस में जोड़ता है. यहां चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के सुधारों और पुनर्विकास परियोजनाओं ने आवासीय संभावनाओं को और बेहतर बना दिया है. सेंट्रल मुंबई के प्रीमियम इलाकों की तुलना में कुर्ला में आज भी काफी किफायती और सुलभ आवास विकल्प उपलब्ध हैं. यहां फ्लैट की कीमत ₹19,300 प्रति वर्ग फुट है.
घाटकोपर: अपनी रणनीतिक स्थिति और सबअर्बन रेलवे और मेट्रो सेवाओं दोनों के जरिए बेहतरीन कनेक्टिविटी के कारण ये पसंदीदा आवासीय केंद्र बन गया है, मुंबई के मुख्य बिजनेस डिस्ट्रिक्ट्स की तुलना में यहां रहने के विकल्प काफी किफायती हैं. यहां का बेहतरीन सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर, अच्छे स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और कमर्शियल सेंटर्स इसे कामकाजी पेशेवरों और परिवारों के लिए एक व्यावहारिक और समझदारी भरा विकल्प बनाते हैं. यहां प्रॉपर्टी की कीमतें औसतन ₹21,000 से ₹30,000 प्रति वर्ग फुट है.
यह भी पढ़ें: क्या काले धन को खपाने का जरिया है रियल एस्टेट, रेरा पर क्यों नहीं है लोगों को भरोसा!
aajtak.in